फर्श पर बैठ पढ़ रही इंटर की बच्चियां
निज प्रतिनिधि, चांदन, बांका: चांदन प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय की छात्राएं फर्श पर बैठ कर शिक्षा ग्रहण कर रही है। डैक्स व बैंच के अभाव में प्राथमिक विद्यालय की तरह इन बच्चियों को भी अध्ययन करना पड़ रहा है।
इस विद्यालय तकरीबन पांच सौ से अधिक छात्राएं नामांकित हैं। पूर्व में यहां छात्राएं सिर्फ परीक्षा देने व फार्म भरने ही आती थी। परंतु प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह के योगदान के बाद स्कूल का नजारा बदला है। विद्यालय में छात्राओं की नियमित उपस्थिति अनिवार्य कर दिया गया है। वर्ग का संचालन भी लगभग नियमित हो रहा है। इससे छात्राओं का रुझान भी विद्यालय की ओर बढ़ा है। दूर गांवों से भी यहां बच्चियां स्कूल आती है। इसमें अष्टम से इंटर तक की बच्चियां होती है। परंतु यहां उसे बैठने का समुचित सुविधा भी नहीं मिल पाता है। विद्यालय में चाहरदिवारी नहीं होने के विद्यालय परिसर में मवेशी का जमावड़ा भी लगा रहता है। खिड़की दरवाजे भी जर्जर रहने से यहां चोरी की आशंका बनी रहती है। प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह ने कहा कि बड़ी बच्चियों को जमीन पर बैठने में काफी झिझक होती है। साथ ही इससे उनकी उपस्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि स्कूल की इन समस्याओं के बाबत वे कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र भी भेज चुकी हैं। इन समस्याओं का समाधान विभागीय स्तर से ही हो सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर