अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बढ़ी सियासी सरगर्मी
निज प्रतिनिधि, अमरपुर (बांका) : प्रमुख मनोहर पंडित पर लगाये गये अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों पक्ष संख्या बल जुटाने की कोशिश में जुट गए हैं। एक ओर जहां प्रमुख अपने आवास पवई गांव में पंसस के साथ मंत्रणा कर रहे थे। तो दूसरी ओर पंसस ज्ञानदेव विंद व ई. नीरज कुमार आधा दर्जन पंसस के साथ फतेहपुर काली स्थान में संख्या बल जुटाने की मशक्कत कर रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव से बढ़ी सरगर्मी से पंचायत प्रतिनिधि भी पशोपेस में हैं। मुखिया संघ के अध्यक्ष नवल किशोर चौधरी एवं उपाध्यक्ष शिव प्रसाद मंडल दोनों पक्षों की बैठक में शरीक होकर इस राजनीतिक उठा पठक को शांत करने में जुट गये हैं। ताकि अमरपुर प्रमुख के पांच साल की परंपरा बरकरार रहे। लेकिन प्रमुख का ताज छीनने को आतुर विपक्षी पंसस हर कुर्बानी देने को तैयार है और पंसस से लगातार संपर्क में है। बताया जा रहा है कि प्रमुख के खासमखास एक पंसस पति को नाराज करने के कारण प्रमुख को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ रहा है। उसी के अगुआई में प्रमुख के ताज छीनने का भरसक प्रयास किया जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर