बांका में कैदियों ने सीखा मत्स्य पालन का गुर
जागरण प्रतिनिधि, बांका : मंडल कारा बांका में गुरुवार को कैदियों को मत्स्य पालन का गुर बताया गया। एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत तालाब निर्माण, मत्स्य पालन के तरीके व सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर काराधीक्षक ललित कुमार सिंह ने बताया कि सरकार कैदियों को कई प्रकार की सुविधा दे रही है। कारा में ही पढ़ाई के साथ किसी भी क्षेत्र का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इसी कड़ी के तहत कैदियों को मत्स्य पालन की जानकारी दी जा रही है। जो आने वाले दिनों में उनके लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने बताया कि मंडल कारा के पांच कैदियों ने इग्नू के तहत एमबीए में नामांकन कराया है। इस अवसर पर जिला मत्स्य पदाधिकारी आभाष चंद्र मंडल ने कहा कि मत्स्य पालन कर काफी मुनाफा कमाया जा सकता है। इस पर सरकार काफी अनुदान दे रही है। एक एकड़ में तालाब बनाकर मत्स्य पालन करने पर सरकार छह लाख की राशि ऋण स्वरूप देती है। जिसमें 2.40 लाख की राशि अनुदान दी जाती है। उन्होंने कहा कि पुराने तालाब की मरम्मत पर भी सरकार डेढ़ लाख राशि प्रदान करती है। उन्होंने कैदियों को मत्स्य पालन के तरीकों की भी जानकारी दी। इस अवसर पर कनीय अभियंता रिकेश कुमार ने तालाब निर्माण संबंधी जानकारी दी। मौके पर जेलर कृपाशंकर पाण्डेय, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी मनीष रस्तोगी, राजेश प्रसाद, मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक रवींद्र नाथ गोस्वामी, रितेश कुमार सहित कैदी उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर