पानी बिना रबी फसल पर आफत
औरंगाबाद । पानी न होने से रबी फसल पर आफत आ गई है। किसान खरीफ फसल मारे जाने के बाद रब
औरंगाबाद । पानी न होने से रबी फसल पर आफत आ गई है। किसान खरीफ फसल मारे जाने के बाद रबी फसल की बुआई नहीं कर पा रहे हैं। जिन किसानों द्वारा रबी फसल की बुआई कर दी गई है वह फसल भी पानी के बिना सूखने लगी है। धान लगे खेतों से नमी समाप्त हो जाने के कारण रबी फसल की बुआई किसान नहीं कर पा रहे हैं। सूखा प्रभावित इलाके के किसान दोहरी मार का संकट झेल रहे हैं। जिले के देव, मदनपुर, रफीगंज, औरंगाबाद प्रखंड के कुछ गांव एवं कुटुंबा प्रखंड में हालात भयावह है। कुटुंबा के गोरडिहा गांव के किसान राजकुमार पांडेय बताते हैं कि पानी के बिना धान का फसल सूख गया एवं रबी फसल चला गया। खेतों में नमी नहीं रहने एवं बारिश नहीं होने के कारण रबी की फसल बुआई नहीं हो सकी। इस वर्ष सूखे की मार अगले वर्ष किसानों को झेलना पड़ेगा। अगले वर्ष खेती के लिए मजदूरों को मजदूरी कहां से दिया जाएगा इसकी चिंता सता रही है। देव प्रखंड के खडीहा गांव के किसान पूर्व मुखिया संजय सिंह ने बताया कि किसानों का धान के साथ रबी फसल भी चला गया। इलाके में पटवन की व्यवस्था नहीं होने के कारण रबी फसल सूखने लगी है। जिला कृषि पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि बारिश नहीं होने के कारण खरीफ फसल को नुकसान तो हुआ ही, रबी फसल पर भी संकट का बादल मंडराने लगा है। कहा कि प्राकृतिक के सामने सभी लाचार हो जाते हैं।