छठ को लेकर देवकुंड में सफाई
छठ पर्व को लेकर च्यवनाश्रम (देवकुंड) में घाटों तथा देवकुंड मठ, सड़कों समेत अन्य जग।
औरंगाबाद। छठ पर्व को लेकर च्यवनाश्रम (देवकुंड) में घाटों तथा देवकुंड मठ, सड़कों समेत अन्य जगहों की साफ सफाई की जा रही है। छठव्रतियों के सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की जा रही है। पवित्र सरोवर को सजाने की तैयारी चल रही है। मठ के महंथ कन्हैयानंदपुरी ने कहा कि यहां प्रत्येक वर्ष लाखों छठव्रति सूर्य को अर्घ्य देने दूर से च्यवनाश्रम (देवकुंड)आते हैं। घाटों की सफाई की जा रही है। बताया कि इस सरोवर की मान्यता है कि इस सरोवर में स्नान करने से कुष्ठ रोग से मुक्ति मिलती है। इतिहास भी बताता है कि इस कुंड में च्यवन ऋषि स्नान कर शरीर को शुद्ध किया था। पर्व को लेकर थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व में निगरानी की जा रही है। शांति बनाए रखने को लेकर पुलिस तत्पर है। पर्व को लेकर पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है। छठव्रतियों को परेशानी न हो इसको ले ध्यान दिया जा रहा है। महंथ कन्हैयानंदपुरी ने दीपावली एवं छठ पर्व को धार्मिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य की दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया। कहा कि च्यवनाश्रम (देवकुंड) के विकास को लेकर पहल की जा रही है।