पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के बीच तनाव
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : बिहार पुलिस मेंस एसोसियेशन के चुनाव परिणाम के बाद पुलिस लाइन में तनाव
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
बिहार पुलिस मेंस एसोसियेशन के चुनाव परिणाम के बाद पुलिस लाइन में तनाव गहरा गया है। पुलिस बैरक से कई पुलिसकर्मियों का बक्शा फेंका जा रहा है। मेस में खाना बंद कर दी गई है। तनाव के बीच पुलिसकर्मी रह रहे हैं। सोमवार को तनाव का दृश्य दिखा। बताया जाता है कि जीत से उत्साहित अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार यादव के समर्थकों ने मंत्री पद के उम्मीदवार रहे अमरेंद्र कुमार यादव के साथ बदसलूकी की। कहा कि समाज का विरोधी है, मेस में खाना बंद करो। अमरेंद्र ने बताया कि अध्यक्ष शैलेंद्र ने भी हमें धमकी दी है। मैंने कोई समाज विरोधी कार्य नहीं किया है। जाति का नफरत फैलाने का प्रयास हो रहा है। लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने की आजादी है। मैं भी चुनाव लड़ा और हार गया। अमरेंद्र ने कहा कि आरक्षी अजय पासवान, महेंद्र यादव, पुष्पित पासवान, सतीश कुमार एवं भोला श्रीवास्तव का बैरक से बक्शा फेंक दिया गया है। कुछ लोग जाति की राजनीति कर रहे हैं। अगर मामला नहीं सुलझाया गया तो विवाद आगे बढ़ सकता है। पुलिसकर्मियों की माने तो पुलिस लाइन में जाति आधारित मेस चलता है। एसपी जब निरीक्षण करने आते हैं तो उन्हें दो जगह मेस दिखाया जाता है। हकीकत में सभी जातियों का अलग अलग मेस चलता है। अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि हार से विपक्षी बौखला गए हैं। जीत के बाद मेरे समर्थक जश्न मनाने में व्यस्त हैं। जो लोग बैरक से सामान फेंकने की शिकायत कर रहे हैं वे बैरक में नहीं रहते हैं। हमें तंग करने की नियत से अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। इनके आरोपों से हम डरने वाले नहीं हैं। पुलिसकर्मियों का समर्थन मेरे साथ है। मैं उनके हक की लड़ाई लडूंगा।