जिले का नाम देव करने की मांग
संवाद सूत्र, देव (औरंगाबाद) : देव प्रखंड मुख्यालय स्थित सहदेव चौधरी पुस्तकालय में औरंगाबाद जिला
संवाद सूत्र, देव (औरंगाबाद) :
देव प्रखंड मुख्यालय स्थित सहदेव चौधरी पुस्तकालय में औरंगाबाद जिला का 42 वां स्थापना दिवस एवं नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती मनायी गयी। समारोह का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष रंजू देवी ने जिले के मानचित्र एवं सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उद्घाटन भाषण में कहा कि देश की आजादी के लिए बोस जैसे कई वीरों ने अपनी जान की बलि दे दी। बावजूद इसके आज भी इसी देश में जात पात एवं ऊंच नीच का भेदभाव कायम है। सभी वर्ग समुदाय आपस में लड़ रहे हैं। जिले के स्थापना का 42 वर्ष गुजर गया परंतु अभी तक अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी का आलम यह है कि गांवों के गरीब आज भी आजादी का मतलब नहीं समझ पाते हैं। समारोह को जनेश्वर विकास केंद्र सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी, सेवानिवृत्त शिक्षक नेमन राम मेहता, रामजी सिंह, डा. सुरेंद्र मिश्रा, डा. इंदेश्वर प्रसाद, प्रदीप पांडेय, नंदकिशोर मेहता ने संबोधित किया। विद्यार्थी ने नवीनगर एवं रफीगंज को अनुमंडल का दर्जा देने की घोषणा पर बधाई दी। जिले का नाम देव करने, दाउदनगर को जिला बनाने, बालूगंज एवं सिमरा को प्रखंड बनाने की मांग। आजाद पासवान, कृष्णा यादव, गायत्री देवी, किरण मेहता, बलराम चंद्रवंशी, यशवंत सिंह, सरयू यादव, अजय ठाकुर उपस्थित थे। संचालन यशवंत कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन धनंजय कुमार सिंह ने किया।