हत्या से दहल रहा शहर : विधायक
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : शहर में व्यवसायी राजू गुप्ता की हुई हत्या पर भाजपा विधायक रामाधार सिंह
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
शहर में व्यवसायी राजू गुप्ता की हुई हत्या पर भाजपा विधायक रामाधार सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल शरण सिंह, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने आक्रोश जताया है। अपने बयान में कहा है कि पुलिस की शिथिलता के कारण अपराध बढ़ा है। हत्या से शहर दहल रहा है। पुलिस एक मामले को सुलझा भी नहीं पाती है कि दूसरी बड़ी घटना हो जाती है। शहर में व्यवसायी महावीर प्रसाद, दधपा बिगहा निवासी किसान बुद्धदेव मेहता एवं राजू गुप्ता की हत्या इसका उदाहरण है। पुलिस की शिथिलता के कारण घटनाएं घट रही है। विधायक ने कहा कि जबसे भाजपा सत्ता से अलग हुई है बिहार में अपराध बढ़ता जा रहा है। बसपा के प्रदेश महासचिव कौशल कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अपराध की घटना बढ़ी है। हत्या, लूट एवं डकैती आम हो गई है। राज्य सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। शहर के व्यवसायी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू, लोजपा के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, अजय पासवान ने कहा कि बिहार में अपराध बेलगाम हो गया है। औरंगाबाद में अपराधी जब चाहते हैं हत्या एवं लूट की घटना को अंजाम दे बैठते हैं।