कुशवाहा को मिले आरक्षण का लाभ : सम्राट
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : शहर के टीचर ट्रेनिंग कालेज मैदान परिसर में शुक्रवार को कुशवाहा समाज क
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
शहर के टीचर ट्रेनिंग कालेज मैदान परिसर में शुक्रवार को कुशवाहा समाज का जिला सम्मेलन संपन्न हुआ। संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कुशवाहा समाज को राजनीति की मुख्यधारा में लाने का प्रयास जारी है। यह तभी संभव होगा जब समाज अपनी एकजुटता का परिचय देगा। मंत्री ने आरक्षण का वकालत करते हुए कहा कि कुशवाहा समाज को भी आरक्षण मिले। यह तभी संभव होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ मजबूत होगा। मंत्री ने छोटू मुखिया हत्याकांड की चर्चा करते हुए कहा कि जब न्याय के लिए सड़क पर आंदोलन किया गया तो समाज के लोगों पर लाठियां बरसी। अंबा थाना के दधपा निवासी बुद्धदेव महतो के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि समाज पर हो रहे अत्याचार को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि औरंगाबाद में तीन आधुनिक बस अड्डा बनाया जाएगा। पटना रोड का चौड़ीकरण होगा। शहर को सुंदर बनाने की बात कही। उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री अवधेश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा ने जनता में भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल किया। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यही पता नहीं है कि विदेशों में कितना काला धन है तो वे वापस कैसे लाएंगे। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि नीतीश के नेतृत्व में जो राज्य का विकास हुआ वह विदेशों तक चर्चा हुई। लघु जल संसाधन मंत्री मनोज कुशवाहा ने कहा कि समाज के एकजुटता से ही सत्ता में भागीदारी मिलेगी। कहा कि किसानों के लिए बंद पड़े नलकूपों को चालू कराया जा रहा है। सम्मेलन को खाद्य सुरक्षा आयोग के नंदकिशोर कुशवाहा, निरंजन कुशवाहा उर्फ पप्पू, विधायक सत्यदेव कुशवाहा, विधान पार्षद उपेंद्र दांगी, राजकिशोर कुशवाहा, पूर्व विधायक सुरेश मेहता, नागमणि कुशवाहा, पूर्व विधायक संतोष मेहता ने संबोधित किया। सभी ने समाज को एकजुट होकर नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया। अध्यक्षता पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा एवं संचालन शिवलाल मेहता ने किया।