भाई की सुरक्षा को बहनों ने कूटा गोधन
जेएनएन, औरंगाबाद : भाई के घर धन वैभव एवं लंबी उम्र की कामना को लेकर बहनों ने शनिवार को गोधन कूट भैया
जेएनएन, औरंगाबाद : भाई के घर धन वैभव एवं लंबी उम्र की कामना को लेकर बहनों ने शनिवार को गोधन कूट भैया दूज पर्व मनाया। पारंपरिक तरीके से पर्व को मनाया गया। सुबह से ही बहनें भाई को श्राप देने में जुट गई। 8 बजे के बाद गोधन कूटने के लिए शहर के मुहल्लों एवं गांवों में बहनों ने टोटके किए। रेंगनी के कंटीले पौधे की पतियों से बहनों ने भाई के दुश्मनों को परास्त करने के लिए टोटके किए। गोवर्धन की प्रतिमा बनाकर गोधन कूटा। गोधन कूटने के बाद बहनों ने भाइयों की कलाई पर धागा बांध चना के साथ मिठाई का प्रसाद खिलाया। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की। गोधन को लेकर घरों में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। महिलाएं पीठा, पुरी एवं खीर बनाने में व्यस्त दिखीं। परंपरागत गीत से शहर एवं गांव का माहौल एक जैसा रहा। 'अंवरा कुटीली भंवरा कुटीला, कुटीला जम के दुआर। कुटीला भइया के दुश्मन आठो पहर दिन रात' गीत गाए। मदनपुर में पारंपरिक गीत 'पान खाई के मुंह बिहसत नरियर फोरी-फोरी खाय' के साथ बहनों ने गोधन कूट पर्व मनाया। ओबरा में गोधन कूट महिलाओं ने भैया दूज पर्व का समापन किया। भाइयों के हाथ में रक्षा कवच बांध भगवान से लंबी उम्र की याचना की। अंबा, देव, बारुण एवं रफीगंज से भी ऐसी ही सूचना प्राप्त हुई है।