आग से 250 बीघा में लगा गेहूं जला
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद) :
औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के नवनेर गांव के बधार में बुधवार दोपहर आग लगने से 250 बीघा में लगा गेहूं की फसल जलकर राख हो गया। 30 किसानों का करीब 20 लाख रुपये का अनाज जला है। जदयू जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, महावीर सिंह, शिवनाथ बैठा, प्रदीप सिंह ने बताया कि हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई हो रही थी। हार्वेस्टर के सैलेंसर से निकली चिंगारी के कारण आग लगी है। आग से हार्वेस्टर भी जल गया है। किसानों ने बताया कि आसपास के 10 गांव के ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया परंतु सफल नहीं हुए। डीएम अभिजीत सिन्हा के आदेश पर दो घटे बाद दमकल पहुंचा तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। सीओ अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि किसान पिंटू सिंह के खेत में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई हो रही थी। गेहूं कटाई के दौरान हार्वेस्टर से निकली चिंगारी के कारण आग लगी है। किसान अवधेश सिंह, प्रदीप सिंह, रामाश्रय राम, अयोध्या सिंह, रघुनंदन सिंह, रघुनंदन सिंह, प्रसिद्ध सिंह, दिग्विजय सिंह, मृत्युंजय सिंह, रामानंदन राजवंशी, बिगन राजवंशी, कैलाश राजवंशी, विनय राजवंशी एवं कैलाश सिंह समेत 30 किसानों का अनाज जला है। कैलाश सिंह का खेत में लगा प्याज जल गया। सीओ के अनुसार 160 बीघा में गेहूं की फसल जली है। क्षति का आकलन किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग से किसानों को मुआवजा भुगतान किया जाएगा।