नक्सलियों के पास से हथियार व कारतूस बरामद
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
एसटीएफ, कोबरा एवं जिला पुलिस की संयुक्त छापेमारी अभियान में दाउदनगर के चौरी गांव से गिरफ्तार किया गया इनामी माओवादी कइल प्रजापति के साथ गांव के ही मुन्ना भगत एवं हसपुरा थाना के दिलावरपुर गांव निवासी मुन्ना प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को एसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने नगर थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मुन्ना के घर से एक देशी पिस्टल, एक थ्री नट थ्री का राइफल, नौ एके 47 की गोली एवं सात 315 बोर का कारतूस बरामद किया गया है। नक्सलियों के पास से सैप की वर्दी भी बरामद की गई है। यह वर्दी गोह के एमबीएल कैंप पर नक्सलियों द्वारा किए गए हमले के दौरान लूटा गया था। एसपी ने बताया कि कईल मोस्टवांटेड है। उसके खिलाफ न्यायालय से चार स्थायी एवं तीन एनपीडब्लू वारंट निर्गत था। मगध जोन का यह नेतृत्व करता था। इस जिले के विभिन्न थानों में इसके खिलाफ 31 कांड दर्ज है। 16 कांडों में प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। अरवल, जहानाबाद एवं गया जिले के थानों में भी इसकी संलिप्तता की रिकार्ड खंगाली जा रही है। एसपी के अनुसार कईल के पास इंसास राइफल है परंतु गिरफ्तारी के पहले वह हथियार छोड़कर आया था। गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ दाउदनगर थाना में 17 सीएलए एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसपी अभियान राजेश भारती, कोबरा के टीएन सिंह, दाउदनगर एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी, गोह थानाध्यक्ष पंकज कुमार, दाउदनगर थानाध्यक्ष मौजूद थे।