एमबीएल कैंप पर हमला में शामिल था प्रजापति
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर कइल प्रजापति की गिरफ्तारी पुलिस के लिए उल्लेखनीय सफलता मानी जा रही है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तार नक्सली गोह के एमबीएल कैंप पर नक्सली हमला में शामिल था। वह इस कांड में आरोपित किया गया था। चाल्हो जोन पहाड़ पर पुलिस के साथ नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में भी वह शामिल रहा है। टंडवा थाना की जीप उड़ाकर थानाध्यक्ष समेत पुलिसकर्मियों की हत्या में भी पुलिस प्रजापति की तलाश कर रही थी। जिले के अन्य नक्सली कांडों में भी प्रजापति को आरोपित किया गया था। गिरफ्तार नक्सली माओवादी संगठन का मास्टर माइंड था। इसकी योजना कभी विफल नहीं होती थी। हालांकि कईल कौन कौन से कांडों में शामिल रहा है यह बताने से एसपी इंकार कर रहे हैं। सिर्फ इतना बताया कि गिरफ्तार नक्सली की फाइल खंगाली जा रही है। बता दें कि 7 अगस्त 2013 को नक्सलियों ने एमबीएल कंपनी पर हमला कर सैप जवानों की हत्या कर 29 अत्याधुनिक हथियार लूट लिए थे। लूटे गए हथियार को अब तक पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। इस मामले में पुलिस करीब आधे दर्जन नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।