भाजपा में इज्जत नहीं: नीतीश
रानीगंज (अररिया), संसू: सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को रानीगंज में जदयू प्रत्याशी विजय मंडल के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में विपक्षी दलों पर निशाना साधा। लेकिन उनके निशाने पर मुख्यत: भाजपा ही रही। अपने शासनकाल के दौरान बिहार में किए गए विकास की खूब चर्चा करते हुए उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा वो लोगों की भावनाओं को भड़का कर वोट मांग रही है। जबकि वो किए गए काम के आधार पर वोट मांगने आये हैं। भाजपा सपना जितना देख ले परंतु वो कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने मंच पर आसीन पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषिदेव एवं नरपतगंज के पूर्व विधायक जर्नादन यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा में ऐसे समर्पित कार्यकर्ता की जब इज्जत नहीं है तो आम लोगों की क्या स्थिति। उन्होंने कहा भाजपा पूंजीपतियों के पैसे पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने राजद व कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। मंच से पूर्व जिला पार्षद अध्यक्ष पप्पू अजीम ने बिहार की तस्वीर बदलने के लिए नीतीश कुमार को विकास पुरुष की संज्ञा दी। वहीं पूर्व मंत्री रामजीदास ऋषिदेव ने महादलितों के उत्थान के लिए नीतीश कुमार के द्वारा उठाये कदमों की सराहना की। जिप अध्यक्ष शगुफ्ता अजीम ने बिहार में अमन चैन का राज कायम करने एवं सत्ता के लिए किसी से समझौता नहीं करने के लिए नीतीश को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में राजद व भाजपा के कई कार्यकत्तराओं ने जदयू की सदस्यता ली। मंच संचालन वकील सिंह कर रहे थे।