निजी जमीन पर अवैध कब्जा का प्रयास विफल
फारबिसगंज (अररिया), संसू: फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिण पंचायत में शनिवार की रात महादलितों द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से विफल कर दिया गया। गुप्त सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने झोपड़ी बनाने के लिए रखे गए बांस-बल्ली, टीन आदि जब्त कर लिया। फारबिसगंज थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस के पहुंचने पर एकत्रित सभी लोग भाग खड़े हुए। इधर फारबिसगंज सीओ विष्णुदेव सिंह ने बताया कि शनिवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि करीब 40-50 की संख्या में एकत्रित लोग निजी जमीन कब्जा करने की तैयारी में है। इसके लिए झोपड़ी बनाने की सामग्री भी चयनित जमीन पर पहुंच चुकी थी। जिसके बाद फारबिसगंज सीओ, थानाध्यक्ष, एसआई राम स्वरूप प्रसाद सदल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जाता है कि जमीन कब्जा करने पहुंचे महादलित समुदाय के लोग रात को अचानक पुलिस के पहुंचते ही पहले तो भाग कर मकई के खेत में छुप गये। बाद में पुलिस द्वारा जब्त सामान को ट्रैक्टर पर ले जाने के क्रम में छुपे लोगों ने ट्रैक्टर को रोकने का असफल प्रयास भी किया। जमीन पर आधे-अधूरे कुछ झोपड़ियां खड़ी भी कर दी गयी थी। जिसे पुलिस तथा स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उखाड़ा गया। इन लोगों द्वारा करीब पांच एकड़ जमीन पर कब्जा करने की योजना थी। जमीन कब्जा करने के प्रयास के विफल हो जाने से पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है। जब्त सामग्री को फारबिसगंज थाना में रखा गया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुयी है।