महिंद्रा ऑटो की अप्रैल महीने में घरेलू बिक्री 4 फीसद घटी, ट्रैक्टर की बिक्री में आया 21 फीसद उछाल
देश की यूटिलिटी व्हीकल निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बाजार में बिक्री 4 फीसद घटी है
नई दिल्ली (जेएनएन)। देश की यूटिलिटी व्हीकल निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बाजार में बिक्री 4 फीसद घटी है। अप्रैल 2017 में महिंद्रा ने 37,829 यूनिट्स की बिक्री करी है। यह बात कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) फाइलिंग के दौरान कही है।
निर्यात में आई गिरावट
कंपनी के निर्यात की बात करें तो अप्रैल महीने में 39 फीसद की गिरावट के साथ 1,528 यूनिट्स का निर्यात किया है, जबकि अप्रैल 2016 में कंपनी ने 2,506 यूनिट्स का निर्यात किया था। महिंद्रा एंड महिंद्रा ऑटो सेक्टर की अप्रैल महीने में कुल बिक्री 6 फीसद की गिरावट के साथ 39,357 यूनिट्स रही है।
PV की सेल्स में गिरावट, CV की बिक्री में इजाफा
कंपनी ने पैसेंजर व्हीकल्स (PV) अप्रैल 2017 में 19,325 यूनिट्स बेची हैं, जबकि अप्रैल 2016 में 22,655 यूनिट्स बेची थीं। साल-दर-साल के आधार पर 15 फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, कमर्शियल व्हीकल (CV) सेगमेंट में कंपनी ने 16 फीसद के इजाफे के साथ 15,066 यूनिट्स बेची हैं।
महिंद्रा के ट्रैक्टर्स की बिक्री में 21 फीसद इजाफा
कृषि उपकरण सेक्टर में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अप्रैल 2017 में 25,081 ट्रैक्टर्स बेचे हैं। घरेलू बाजार में महिंद्रा के ट्रैक्टर्स की यह 21 फीसद ग्रोथ है। महिंद्रा ट्रैक्टर्स ने 35 फीसद की ग्रोथ के साथ 920 यूनिट्स का निर्यात किया है जबकि अप्रैल 2016 में कंपनी ने 682 यूनिट्स का निर्यात किया था। साल-दर-साल के आधार पर कंपनी की कुल बिक्री 22 फीसद के इजाफे के साथ 26,001 यूनिट्स रही है।
यह भी पढ़ें: रेनो डस्टर पेट्रोल ऑटोमैटिक हुई लॉन्च, अब ड्राइव करना होगा और भी मजेदार