नवंबर में तेज हुई ऑटो सेक्टर की बिक्री, मारुति सुजुकी समेत इन कार कंपनियों की सेल्स बढ़ी
मारुति सुजुकी, टोयोटा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, फोर्ड इंडिया और हुंडई की नवंबर महीने की बिक्री में उछाल आया है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। मारुति सुजुकी इंडिया ने नवंबर महीने में 154,600 यूनिट्स की बिक्री की है। नवंबर 2016 के मुकाबले यह 14.1 फीसद की वृद्धि हुई है। मारुति ने घरेलू बाजार में 145,300 यूनिट्स की बिक्री की है। वहीं, 9,300 वाहनों का निर्यात किया है। आपको बता दें मारुति सुजुकी ने नवंबर 2016 में 135,550 वाहनों की बिक्री की थी।
मारुति सुजुकी की छोटी कारें ऑल्टो और वैगन आर की बिक्री में 1.8 फीसद की गिरावट आई है। कंपनी ने नवंबर 2017 में 38,204 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि पिछले साल समान अवधि में कंपनी ने 38,886 यूनिट्स की बिक्री की थी।
मारुति की अगर कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री के बारे में बात करें तो स्विफ्ट, रिट्ज, सिलेरियो, इग्निस, बलेनो, डिजायर, टूर एस की बिक्री में 32.4 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। इन कारों की नवंबर महीने में 65,447 यूनिट्स की बिक्री हुई है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 49,431 यूनिट्स की बिक्री की थी।
मारुति की मिड-साइज कारें सियाज की बिक्री 26.2 फीसद गिरकर 4,009 यूनिट्स रह गई है। जबकि नवंबर 2016 में कंपनी ने इसकी 5,433 यूनिट्स की बिक्री की थी। वहीं, घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री की बात करें तो 14.3 बढ़कर 144,297 यूनिट्स हो गई है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 126,220 यूनिट्स की बिक्री की थी।
टोयोटा की बिक्री में भी आया उछाल:
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने नवंबर महीने में घरेलू बाजार में 13 फीसद की वृद्धि के साथ 12,734 यूनिट्स की बिक्री ही है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 11,309 यूनिट्स बेची थीं। कंपनी ने इटियोज सीरीज की 46.57 फीसद की गिरावट के साथ 686 यूनिट्स का निर्यात किया है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने इसी की 1,284 यूनिट्स निर्यात की थीं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री 18% बढ़ी:
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नवंबर महीने में 38,570 वाहनों की बिक्री की है, जो कि पिछले साल नवंबर महीने के मुकाबले 18 फीसद ज्यादा है। कंपनी ने नवंबर 2016 में 32,564 यूनिट्स की बिक्री की थी। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट (UVs, कार्स और वैन्स) में 21 फीसद वृद्धि के साथ नवंबर महीने में 16,030 यूनिट्स की बिक्री की है। नवंबर 2016 में कंपनी ने 13,198 यूनिट्स की बिक्री की थी।
कंपनी ने घरेलू बाजार में नवंबर महीने में 36,039 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि नवंबर 2016 में 29,869 यूनिट्स की बिक्री की थी। मीडियम और हैवी कमर्शियल व्हीकल्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 122% की वृद्धि के साथ 792 यूनिट्स की बिक्री की है। निर्यात की बात करें तो कंपनी ने 2,531 वाहनों को नवंबर महीने में निर्यात किया है जो कि पिछले साल समान अवधि के मुकाबले 6 फीसद की गिरावट है।
फोर्ड इंडिया की बिक्री में 29 फीसद की तेजी:
फोर्ड इंडिया ने नवंबर महीने में 28.63 फीसद की वृद्धि के साथ 27,019 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने बीते वर्ष समान अवधि में 21,004 यूनिट्स की बिक्री की थी। घरेलू बाजार में कंपनी ने 13.1 फीसद की वृद्धि के साथ 7,777 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि बीते वर्ष नवंबर महीने में 6,876 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी ने कहा कि उसकी बिक्री में यह बूस्ट हाल ही में पेश की गई कॉम्पैक्ट SUV फोर्ड ईकोस्पोर्ट की वजह मिला है। निर्यात की बात करें तो कंपनी ने 36.19 फीसद की वृद्धि के साथ 19,242 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि नवंबर 2016 में कंपनी ने 14,128 यूनिट्स की बिक्री की थी।
हुंडई की बिक्री में 10% का उछाल:
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने नवंबर महीने में 10 फीसद की वृद्धि के साथ 44,008 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने नवंबर 2016 में 40,016 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी ने बताया कि उसकी बिक्री में यह उछाल नेक्स्ट जनरेशन वर्ना, ग्रैंड i10, एलीट i20 और क्रेटा की मजबूत बिक्री के चलते आया है।