Delhi: 10 साल के बच्चे की डूबने से मौत, दोस्तों के साथ नहर में गया था नहाने; घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल
राजधानी दिल्ली में एक दस साल के बच्चे ने कोंडली नहर में डूबने से जान चले गई। दस साल का बच्चा अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ जिसमें बच्चे की जान चले गई। यह घटना शनिवार सुबह घटी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कोंडली इलाके में शनिवार दोपहर नहर में नहाने के दौरान एक दस वर्ष की आयु के बच्चे की डूबने से मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व बोट क्लब की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बच्चे के शव को नहर से बाहर निकालकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मृतक यश परिवार के साथ राजबीर कालोनी में रहता था। परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। पिता एक निजी फैक्टरी में काम करते हैं। पुलिस ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गर्मी के चलते यश अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था।
साथी ने मचाया शोर
इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथी शोर मचाने लगे और स्वजन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस व बोट क्लब को सूचना दी गई। बोट क्लब की टीम मौके पर पहुंची और नहर में उसकी तलाश की। इस दौरान वह गहरे पानी के अंदर मिला। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर गई, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।