ईरान युद्ध के बीच अमेरिका और ब्रिटेन के बीच तनातनी... स्टार्मर के फैसले पर क्यों भड़के ट्रंप?
पश्चिम एशिया में ईरान संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के बीच तनाव बढ़ ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे घमासान के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के बीच तनातनी एक बार फिर सतह पर आ गई। ईरान पर हमले के लिए ब्रिटेन द्वारा अमेरिकी वायुसेना को डिएगो गार्सिया स्थित अपने एयर बेस के इस्तेमाल की शुरू में अनुमति न देना राष्ट्रपति ट्रंप को बेहद खराब लगा है।
उन्होंने एक साक्षात्कार में अपनी हताशा जाहिर की है। हालांकि, ब्रिटिश पीएम स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन इस युद्ध में शामिल नहीं है, लेकिन बाद में कहा कि अमेरिका डियागो गार्सिया के बेस का इस्तेमाल कर सकता है। बता दें कि इससे पहले भी ग्रीनलैंड और टैरिफ जैसे मुद्दों पर ट्रंप और स्टार्मर के बीच मतभेद सामने आ चुके हैं।
स्टार्मर ने पोस्ट किया वीडियो
ब्रिटिश पीएम स्टार्मर ने रविवार को एक्स पर पोस्ट एक वीडियो संदेश में कहा कि उनके देश ने अमेरिका द्वारा अपने एयर बेस के इस्तेमाल के आग्रह को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अमेरिका तमाम ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के लिए सैन्य हवाई अड्डों पर मौजूद स्टोरेज डिपो और लांचरों को इस्तेमाल कर सकता है।
स्टार्मर ने कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध में ब्रिटेन शामिल नहीं है क्योंकि उसका मानना है कि बातचीत और कूटनीतिक माध्यम से समस्या का समाधान खोजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन आगे भी इस संघर्ष में शामिल नहीं होगा। हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान ब्रिटिश नागरिकों को भी निशाना बना रहा है, जिस पर हम ज्यादा देर तक चुप नहीं रह सकते।
हालांकि ट्रंप ने साक्षात्कार में कहा कि स्टार्मर ने फैसला लेने में काफी देर कर दी। उन्होंने कहा कि शायद ऐसा हमारे देशों के बीच पहले कभी नहीं हुआ होगा। ऐसा लगता है कि वह 'कानूनी पहलू' को लेकर चिंतित थे।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
