ब्रेक्जिट के समर्थन पर लेबर पार्टी के सात सांसदों ने दिया इस्तीफा, पार्टी नेतृत्व पर लगाए आरोप
लेबर पार्टी छोड़ने वाले सांसदों में सी उमुन्ना भी हैं। वह बेक्जिट पर दोबारा जनमत संग्रह कराने के लिए अभियान का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
लंदन, एएफपी/रायटर। ब्रिटेन के प्रमुख विपक्षी दल लेबर पार्टी के सात सांसदों ने सोमवार को पार्टी से नाता तोड़ने का एलान कर दिया। इन सांसदों ने पार्टी नेतृत्व द्वारा ब्रेक्जिट का समर्थन करने और यहूदी विरोधी भावना रोकने में नाकामी को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
लंदन में प्रेस कांफ्रेंस कर सातों सांसदों ने पार्टी प्रमुख जेरेमी कार्बिन पर आरोप लगाया कि वह लेबर पार्टी को वाम विचारधारा से दूर ले जा रहे हैं। पार्टी से इस्तीफा देने वाले इन सांसदों ने कहा कि वे संसद में एक स्वतंत्र समूह के तौर पर बैठेंगे। लेबर पार्टी छोड़ने वाले सांसदों में सी उमुन्ना भी हैं। वह बेक्जिट पर दोबारा जनमत संग्रह कराने के लिए एक अभियान का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
उन्हें एक समय लेबर पार्टी के भावी नेता के तौर पर देखा जाता था। उन्होंने कहा, 'अगर आप विकल्प चाहते हैं, तो इस विकल्प को बनाने में हमारी मदद करें।' जबकि यहूदी विरोधी बर्ताव से पीडि़त सांसद लुसियाना बर्गर ने कहा, 'यह फैसला कठिन और कष्टकारी था, लेकिन आवश्यक था। पार्टी संस्थागत तौर पर यहूदी विरोधी बन गई है।' एक अन्य सांसद क्रिस लेस्ली ने कहा, 'लेबर पार्टी यूरोप के साथ विश्वासघात कर रही है। इसलिए मैं पार्टी छोड़ रहा हूं।'
पार्टी प्रमुख ने जताई निराशा
लेबर पार्टी के प्रमुख जेरेमी कार्बिन ने कहा, 'मैं निराश हूं कि ये सांसद लेबर राजनीति के लिए मिलकर काम करने में असमर्थता महसूस कर रहे हैं।'
इन सांसदों ने दिया इस्तीफा
लेबर पार्टी से इस्तीफा देने वाले सात सांसदों में सी उमुन्ना, लुसियाना बर्गर, माइक गेप्स, क्रिस लेस्ली, एंजिला स्मिथ, गेविन शुकर और एन कॉफी शामिल हैं।
118 साल पुरानी है लेबर पार्टी
लेबर पार्टी 118 साल पुरानी है। इसकी स्थापना साल 1900 में हुई थी। 2017 के आम चुनाव में लेबर के खाते में 262 सीटें आई थीं।