Royal Split: शाही परिवार से अलग हुए प्रिंस हैरी, रॉयल भूमिका छोड़ने पर जताया गहरा दुख
प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने इस साल की शुरुआत में शाही दर्जा छोड़ने का फैसला किया था।
लंदन, प्रेट्र । ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने शाही परिवार से अलग होने के दस्तावेज पर दस्तखत के बाद गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं था। हैरी ने रविवार को आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम में कहा कि जब उनकी और मेगन की शादी हुई थी तो वे बहुत उत्साहित और आशावान थे, लेकिन कुछ कारणों के चलते उन्हें यह फैसला लेना पड़ा। शाही दर्जा छोड़ने के बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल को शाही कर्तव्यों के लिए किसी प्रकार का सार्वजनिक कोष नहीं दिया जाएगा।
प्रिंस हैरी ने कहा, मैं किसी भी प्रकार का सार्वजनिक धन लिए बिना महारानी, राष्ट्रमंडल और अपने सैन्य कर्तव्यों को निभाने के लिए तैयार था, लेकिन दुर्भाग्य से यह संभव नहीं था। अंतत: मुझे यह फैसला लेना पड़ा। मैंने यह फैसला पत्नी मेगन के लिए किया और इस निर्णय पर पहुंचने से पहले कई महीनों तक विचार किया। निर्णय ठीक हो, यह जरूरी नहीं है, लेकिन इसके अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं था। इस तरह का साहसिक कदम उठाने के लिए आपने जो हिम्मत दी, उसके लिए सभी का आभार व्यक्त करता हूं। हैरी ने कहा, मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं दूर नहीं जा रहा। ब्रिटेन मेरा घर है और यह वह जगह है जिससे वह प्यार करते हैं और यह वास्तविकता कभी नहीं बदल सकती। है।
शाही परिवार के बीच शनिवार को हुए समझौते के बाद महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ओर से जारी बयान में कहा गया, हैरी, मेगन और उनका बेटा आर्ची हमेशा मेरे परिवार के प्रिय सदस्य रहेंगे। मैं उनके स्वतंत्र जीवन की इच्छा का समर्थन करती हूं। पूरे परिवार की तरफ से मैं यह उम्मीद करती हूं कि आज का समझौता उन्हें सुखी और शांतिपूर्ण जीवन शुरू करने में सहयोग करेगा
दंपती ने अपडेट की वेबसाइट
हैरी और मेगन ने अपनी आधिकारिक ससेक्स रॉयल वेबसाइट को अपडेट करते हुए उसके प्रथम पृष्ठ से एचआरएच (हिज और हर रॉयल हाईनेस) टाइटल हटा दिया है। वेबसाइट में कहा गया है, अब हम ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका के बीच अपने समय को संतुलित करने की योजना पर काम कर रहे हैं। यह भौगोलिक संतुलन हमें अपने बेटे को शाही परंपरा के अनुरूप पालन-पोषण में सक्षम बनाएगा।