Move to Jagran APP

रूस में 10 हजार से ज्यादा नए मामले, अमेरिका में 70 हजार के करीब मौतें; जानें बाकी देशों का हाल

Coronavirus World Updates पिछले चौबीस घंटे में रूस में दस हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। इस तरह देश में संक्रमित मरीजों की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा हो गई है।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Tue, 05 May 2020 08:36 PM (IST)Updated: Tue, 05 May 2020 08:37 PM (IST)
रूस में 10 हजार से ज्यादा नए मामले, अमेरिका में 70 हजार के करीब मौतें; जानें बाकी देशों का हाल
रूस में 10 हजार से ज्यादा नए मामले, अमेरिका में 70 हजार के करीब मौतें; जानें बाकी देशों का हाल

लंदन, एजेंसियां। कोरोना महामारी से निजात पाने के लिए विभिन्न देश हाथ-पैर मार रहे हैं। कई को इसमें सफलता मिलती दिख रही है तो कुछ इससे अब भी जूझ रहे हैं। यूरोप महाद्वीप की बात करें तो संक्रमण से होने वाली मौतों के मामले में ब्रिटेन शीर्ष पर पहुंच गया है। रूस में लगातार दूसरे दिन 10 हजार से ज्यादा संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। लेकिन इन बुरे संकेतों के बीच कुछ देशों ने धीरे-धीरे सब ठीक होने की उम्मीद भी जगाई है। चीन में लगातार तीन सप्ताह से किसी मरीज की मौत नहीं हुई। जबकि दक्षिण कोरिया ने अपना पेशेवर बेसबॉल सीजन फिर शुरू कर दिया है। अमेरिका के कुछ प्रांतो ने भी लॉकडाउन से छूट का एलान किया है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड इस बात पर सहमत हो गए हैं कि दोनों देशों के लोग एक-दूसरे के यहां आ-जा सकेंगे।

loksabha election banner

ब्रिटेन की सरकार के अनुसार, अस्पतालों, नर्सिग होम और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में मंगलवार तक 28,734 लोगों की मौत हुई थी। लेकिन संदिग्ध मरीजों को मिलाकर यह संख्या तीस हजार से ज्यादा होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इन आंकड़ों से यह पता चलता है कि मृतकों की संख्या सरकारी आंकड़ों से एक तिहाई ज्यादा हो सकती है। इटली में अभी तक 29,079 लोगों की मौत हुई है। महामारी के बीच दक्षिण कोरिया में मंगलवार को संक्रमण के केवल तीन नए मामले सामने आए। यह 18 फरवरी के बाद सबसे कम संख्या है। दक्षिण कोरिया ने चरणबद्ध तरीके से स्कूलों को खोलने का एलान किया है। 13 मई से वहां हाईस्कूल सीनियर्स की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। मंगलवार को वहां बेसबॉल सीजन की शुरुआत कर दी गई। खाली स्टेडियम में चीयरलीडर्स डांस कर रही थीं और अंपायरों ने मास्क पहन रखे थे। स्टेडियम में प्रवेश से पहले खिलाडि़यों और कोचों का तापमान जांचा गया।

स्पेन में रोज घट रहे संक्रमण के मामले

स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 185 और लोगों की मौत हुई। रोजाना मौत के घटते आंकड़ों से यह बात साबित होती है कि महामारी अब उतार पर है। हालांकि इन आंकड़ों में उन हजारों लोगों को शामिल नहीं किया गया है, जिनकी जांच से पहले मार्च और अप्रैल में नर्सिग होम में मौत हो गई थी। टेस्ट की सीमित संख्या के बावजूद स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि देश में संक्रमण के मामलों की संख्या ढाई लाख हो गई। इसमें तीस हजार उन लोगों को भी शामिल किया गया है जिनकी एंटी बॉडी टेस्ट के तहत पहचान की गई थी।

रूस में संक्रमितों का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार

पिछले चौबीस घंटे में रूस में दस हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। इस तरह देश में संक्रमित मरीजों की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा हो गई है। चौबीस घंटे में 95 लोगों की मौत से देश में मरने वालों की संख्या 1,451 हो गई है। अकेले राजधानी मॉस्को में पिछले चौबीस घंटे में संक्रमण के 5,714 नए मामले सामने आए हैं।

सबसे प्रभावित देश

देश                  मौतें                  संक्रमित

अमेरिका          69,868              12,13,863

ब्रिटेन              30,000              1,90,584

इटली              29,079              2,11,938

स्पेन               25,613               2,50,561

बेल्जियम         8,016                 50,509

जर्मनी             6,993                1,66,199

ब्राजील            7,367                1,08,620

ईरान               6,340                99,970

चीन                4,633                 82,881


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.