ब्रिटिश शाही घराने की बहू बनी मेगन मर्केल अब इनसे सीख रहीं शाही तौर-तरीके
हॉलीवुड टीवी एक्ट्रेस से ब्रिटिश शाही घराने की बहू बन चुकी मेगन मर्केल को अब रॉयल पैलेस के तौर-तरीकों की ट्रेनिंग दी जा रही है।
लंदन (एजेंसी)। ब्रिटिश शाही घराने के प्रिंस हैरी और हॉलीवुड एक्ट्रेस मेगन मर्केल की शाही शादी के पिछले दिनों खूब चर्चे हुए। मेगन मर्केल जो अब शाही घराने की बहू बन चुकी है उनकी पिछली जिंदगी से लेकर शाही घराने में प्रवेश करने तक बातें भी खूब की गईं। शादी के पहले मेगन अपने मंगेतर प्रिंस के साथ अक्सर बाहर आउटिंग पर देखी जाती थीं इस तरह की खबरों ने तो मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
हालांकि जब सभी ये उम्मीद कर रहे थे कि डचेज ऑफ ससेक्स' बन चुकी मेगन शादी के बाद भी पहले की तरह बिंदास और बेपरवाह रहेंगी, तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ। पिछले दिनों प्रिंस हैरी के जन्मदिन पर उनके बदले हुए लुक ने पूरी तरह से लोगों की धारणा को बदल कर रख दिया। वे काफी तेजी से शाही रंग में ढलती नजर आ रही हैं।
और अब ये खबर आ रही है कि पूर्व अमेरिकन टीवी एक्ट्रेस मेगन को शाही घराने के शाही तौर-तरीकों के बारे में सिखाया जा रहा है। खबर के मुताबिक, महारानी एलिजाबेथ II की निजी सचिव समांथा कोहेन उन्हें इन सबके बारे में बता रही हैं। समांथा इन दिनों मेगन को शाही शिष्टाचार, तौर-तरीकों और नियमों के बारे में शिक्षा दे रही है।
बताया जा रहा है कि प्रिंस हैरी के हाउसहोल्ड एड लेन फोक्स के चले जाने के बाद अब समांथा कोहेन अब उनकी भी निजी सचिव बन चुकी हैं। कोहेन ने अप्रैल के महीने में महारानी एलिजाबेथ II के असिस्टेंट सचिव के पद से इस्तीफा दे दिया था।
कोहेन के मार्गदर्शन के अलावा मेगन मर्केल को रॉयल पैलेस में एमी पिकेरिल (डचेज ऑफ ससेक्स का ऑफिस) में भी जगह दी गई है जहां उन्हें डचेज ऑफ ससेक्स के आधिकारिक कर्तव्यों को समझने में मदद मिलेगी।
अब इन सबके बाद ये तो निश्चित है कि मेगन आने वाले कुछ ही दिनों में ब्रिटिश रॉयल परिवार की सबसे पसंदीदा और लोकप्रिय सदस्य बन जाएंगी।