ब्रिटिश गृह मंत्री प्रीति पटेल पर नस्ली टिप्पणी करने वाले शख्स को कोर्ट ने सुनाई बड़ी सजा
पिछले साल अक्टूबर-दिसंबर के बीच प्रीती पटेल के फेसबुक पेज पर 53 वर्षीय गेरार्ड ट्रायनर ने नस्लभेदी टिप्पणी की थी। जनवरी में इसे गिरफ्तार कर कोर्ट ने अब सजा सुनाई है।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन की अदालत ने गृह मंत्री प्रीति पटेल के खिलाफ नस्ली टिप्पणियां करने वाले गेरार्ड ट्रायनर को 22 महीने की सजा सुनाई है। 53 वर्षीय गेरार्ड ने बीते साल अक्टूबर-दिसंबर के बीच पटेल के फेसबुक पेज पर कई नस्ली टिप्पणियां पोस्ट की थीं।
टिप्पणी करने वाले शख्स को जनवरी में हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान गेरार्ड ने कंजरवेटिव पार्टी की सांसद पटेल के खिलाफ टिप्पणियां करने की बात स्वीकार की थी।
मैनचेस्टर क्राउन कोर्ट के जज सिमोन ब्रायन ने शुक्रवार को अपने आदेश में कहा, 'गेरार्ड के कृत्य को न तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता माना जा सकता है और न ही किसी नेता की आलोचना। उनका पोस्ट घृणित और नस्ली भेदभाव से प्रेरित है। ऐसी भाषा के लिए कोई जगह नहीं है।'
पुलिस को दिए बयान में पटेल ने गेरार्ड की टिप्पणी को अपमानजनक बताया था। उनका कहना था कि टिप्पणियों से वह बेहद आहत थीं। इसके चलते न सिर्फ उनका सार्वजनिक बल्कि निजी जीवन भी प्रभावित हुआ था। हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने बोरिस जॉनसन ने प्रीति पटेल को गृह मंत्री नियुक्त किया है। वह ब्रिटेन में भारतीय मूल की पहली गृह मंत्री हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप