ब्रिटेन में पांच दिन से लापता भारतीय छात्र अभिमन्यु चौहान मिला
मॉक टेस्ट में नकल कर उसने पूरे नंबर हासिल किए थे और पकड़े जाने के डर से भाग गया था।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन में पांच दिन से लापता भारतीय छात्र अभिमन्यु चौहान (15) को पुलिस ने ढूंढ़ लिया है। कोवेंट्री शहर के किंग हेनरी इंडिपेंडेंट स्कूल में पढ़ने वाला अभिमन्यु स्कूल में एक टेस्ट पेपर में शत फीसद नंबर लाने के बाद से लापता था। बताया जा रहा है कि मॉक टेस्ट में नकल कर उसने पूरे नंबर हासिल किए थे और पकड़े जाने के डर से भाग गया था।
सीसीटीवी फुटेज में अभिमन्यु को कोवेंट्री के एक हाईवे पर देखा गया था। पुलिस का कहना है कि बीते शुक्रवार को अभिमन्यु की मां नवनीत उसे स्कूल छोड़ने गई थी। वहां उसने कपड़े बदले और स्कूल से निकल गया। फिलहाल वह सुरक्षित है।
अभिमन्यु के मिलने पर खुशी जताते हुए उसके पिता वरिंदर चौहान ने कहा, हो सकता है कि उसने परीक्षा से पहले पेपर देख लिया हो, लेकिन हम इसके लिए आश्वस्त नहीं हैं। वह होशियार बच्चा है। उसने आज तक ऐसा नहीं किया। हम तो बस उसे सुरक्षित देखना चाहते थे।