रोमानिया बंदरगाह पहुंचे हमले में बचाए गए 9 भारतीय नाविक, भारतीय दूतावास ने दी जानकारी
रोमानिया के सुलिना एंकरेज में ड्रोन हमले का शिकार हुए 'यारा जे' केमिकल टैंकर के सभी नौ भारतीय नाविकों को कोंसटैंटा बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंचाया गया है।

नौ भारतीय नाविक ड्रोन हमले के बाद सुरक्षित निकाले गए।
HighLights
नौ भारतीय नाविक ड्रोन हमले के बाद सुरक्षित निकाले गए।
'यारा जे' केमिकल टैंकर पर रोमानिया में हमला हुआ था।
भारतीय दूतावास ने नाविकों की सुरक्षा और समर्थन सुनिश्चित किया।
डिजिटल डेस्क, लंदन। रोमानिया के सुलिना एंकरेज में ड्रोन हमले का शिकार हुए केमिकल टैंकर 'यारा जे' पर सवार सभी नौ भारतीय नाविकों को कोंसटैंटा बंदरगाह पर सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। राजधानी बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक्स पर बताया कि सभी नाविक सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
रोमानिया में भारत के राजदूत मनोज कुमार मोहपात्रा ने रोमानिया के खोज एवं बचाव संगठन, एसएआर रोमानिया और एमआरसीसी कोंसटैंटा से बातचीत कर भारतीय नाविकों की पुख्ता व्यवस्था कराई।
मोहपात्रा ने यारा जे जहाज के चीफ सिक्योरिटी आफिसर से भी बात की। दूतावास ने कहा कि राजदूत ने नाविकों को आश्वस्त किया है कि भारत सरकार का उन्हें पूरा समर्थन और सहयोग हासिल है। इससे पहले महीने की शुरुआत में तुर्किए के जहाज एमवी रोयाद माम्माडोव पर भी काला सागर में हमला हुआ था। इस पर सवार तीन भारतीय नाविक स्वदेश लौट चुके हैं।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
