बच्चे के यौन उत्पीड़न में दोषी भारतीय को मिलेगी कड़ी सजा, जानिये होगा क्या की ब्रिटिश नागरिकता छिनी
सात साल के बच्चे के यौन उत्पीड़न में दोषी करार एक भारतीय की ब्रिटिश नागरिकता छीन ली गई है। अब उसे वापस भारत भेजा जा सकता है।
लंदन, प्रेट्र। सात साल के बच्चे के यौन उत्पीड़न में दोषी करार एक भारतीय की ब्रिटिश नागरिकता छीन ली गई है। अब उसे वापस भारत भेजा जा सकता है। भारतीय नागरिक की पहचान उजागर नहीं की गई है। वह 1997 में ब्रिटेन आया था और 2004 में उसने यहां की नागरिकता हासिल की थी। इस तरह से नागरिकता छीने जाने का यह पहला मामला माना जा रहा है।
'संडे टेलीग्राफ' अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय नागरिक को 2011 में बच्चे के साथ दुष्कर्म का दोषी पाया गया था और उसे 14 साल की सजा हुई थी। इसके बाद उसका पासपोर्ट जब्त करने के साथ ही उसे यौन अपराधी रजिस्टर में डाल दिया गया।
आरोप है कि उसने 2003 से 2010 के दौरान बच्चे का यौन उत्पीड़न किया था। बाद में उसने सजा के खिलाफ अपील की, जहां से उसे राहत भी मिल गई। लेकिन जज ने पासपोर्ट जब्त करने के गृह विभाग के फैसले को सही ठहराया। इसका सीधा मतलब यह है कि अब उसे भारत भेजा जा सकता है। गृह विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि यदि विदेश मंत्रालय को लगता है कि किसी नागरिक की नागरिकता छीना जाना जनहित में है तो वह ऐसा कदम उठा सकता है।