UK के एयरबेस पर विस्फोटक के साथ पकड़े गए दोहरी नागरिकता वाले युवक को मिली जमानत, ब्रिटेन को ईरानी साजिश की आशंका
फेयरफोर्ड एयरबेस के पास विस्फोटक के साथ पकड़े गए छठे युवक को जमानत मिल गई है, जिस पर ब्रिटिश एजेंसियों को ईरान के साजिश में शामिल होने का शक है।

एयरबेस विस्फोटक मामले में छठे संदिग्ध को मिली जमानत (फाइल फोटो)
HighLights
छठे संदिग्ध को फेयरफोर्ड एयरबेस विस्फोटक मामले में जमानत मिली।
संदिग्ध के पास ब्रिटेन और ईरान की दोहरी नागरिकता है।
ब्रिटिश एजेंसियों को ईरान के साजिश में शामिल होने का शक है।
डिजिटल डेस्क, लंदन। ब्रिटेन के फेयरफोर्ड वायुसेना अड्डे के नजदीक विस्फोटक के साथ पकड़े गए पांच युवकों से संबंधित मामले में गुरुवार को गिरफ्तार एक अन्य युवक को पुलिस ने जमानत पर छोड़ दिया है।
पकड़ा गया यह युवक 25 वर्ष का है और इसके पास ब्रिटेन और ईरान की दोहरी नागरिकता है। संभवत: यह युवक भी लंदन निवासी है। लेकिन पुलिस ने किसी भी आरोपित का नाम नहीं बताया है।
फेयरफोर्ड एयरबेस को ईरान पर हमले के लिए अमेरिकी वायुसेना इस्तेमाल कर रही है, इसके चलते इसकी संवेदनशीलता और उस पर आतंकी हमले का खतरा बढ़ा हुआ है।
रविवार-सोमवार रात पुलिस ने जिन पांच युवकों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया था। उन पर वायुसेना अड्डे पर हमले की साजिश रचने के शक में आतंकवाद संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यद्यपि महज एक दिन की पूछताछ के बाद मंगलवार को पुलिस की आतंकवाद निरोधी शाखा ने उन्हें रिहा कर दिया था लेकिन मामले की जांच जारी होने की बात कही थी। इसी आधार पर गुरुवार को दोहरी नागरिकता वाले युवक की गिरफ्तारी हुई लेकिन शनिवार को उसे भी जमानत पर रिहा कर दिया गया।
लेकिन ब्रिटेन और अमेरिका के अधिकारियों को शक है कि वायुसेना अड्डे पर हमले की साजिश रची गई थी और उसके पीछे ईरान की एजेंसियों का हाथ था। लेकिन ईरान ने इस शक को बेबुनियाद बताते हुए मामले में अपना हाथ होने से इन्कार किया है। (समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
