पाक की ना'पाक' हरकतों पर भड़का डोगरा समाज, पाकिस्तान को बोला आतंकी देश
सीमा पर पाकिस्तान के लगातार सीजफायर का उल्लंघन करने से भड़का डोगरा समुदाय। लंदन में पाक उच्चायोग के सामने किया विरोध प्रदर्शन।
लंदन (एएनआइ)। सीमा पर पाकिस्तान की नापाक हरकतों के खिलाफ न सिर्फ भारत में बल्कि यूके में भी आवाज बुलंद हो रही है। जम्मू-कश्मीर से जुड़े डोगरा समुदाय के लोगों ने लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन करने को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
यह विरोध प्रदर्शन लंदन स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के सामने किया गया। पाकिस्तान की ओर से लगातार युद्ध विराम का उल्लंघन करने और क्रॉस फायरिंग के चलते जम्मू-कश्मीर में सीमा से सटे गांवों के लोगों का जीना मुश्किल हो रखा है। पाकिस्तान द्वारा दागे जा रहे मोर्टार के कारण जनजीवन के साथ-साथ संपत्ति का भी नुकसान हो रहा है। इसी के विरोध में डोगरा समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
प्रदर्शनकारियों ने रमजान के पवित्र महीने के दौरान पाकिस्तान की नापाक फायरिंग में मारे गए 8 माह के बच्चे नितिन और 8 साल की बच्ची कृष्णा की मौत पर भी प्रकाश डाला। बता दें कि पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। जिस कारण सीमा से सटे गांवों और वहां के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आतंकवाद के प्रोयजन को लेकर पाकिस्तान क्रॉस फायरिंग से बाज नहीं आ रहा है।
प्रदर्शनकारी अनीशा सफाया ने कहा, 'मैं पाकिस्तान के अधिकारियों से हमारी सीमाओं पर खून बहने से रोकने का अनुरोध करती हूं। हमारे लोगों को मारना बंद करो। अगर आप (पाकिस्तान) आठ वर्ष की बच्ची की हत्या से परेशान नहीं हो रहे हैं, तो यह वास्तव में शर्मनाक है।' एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे पाकिस्तान के खिलाफ कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी आवाज उठाएंगे और यह कहेंगे कि पाकिस्तान एक आतंकी देश है।