Coronavirus: ब्रिटिश सरकार का फैसला, इन देशों के लोगों को नहीं किया जाएगा क्वारंटाइन
फ्रांस स्पेन जर्मनी और इटली से आने वाले यात्रियों के लिए 14 दिनों के क्वारंटाइन नियम को समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
लंदन, एपी। ब्रिटिश सरकार फ्रांस, स्पेन, जर्मनी और इटली सहित कोरोना वायरस के कम जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों के लिए 14 दिनों के क्वारंटाइन नियम को समाप्त कर रहा है। नए नियम 10 जुलाई से लागू किए जा सकते हैं।
सरकार ने कहा है कि क्वारंटाइन से छूट वाले देशों की पूरी सूची शुक्रवार तक घोषित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस सूची में संयुक्त राज्य अमेरिका के शामिल होने की बहुत कम संभावना है, क्योकि अमेरिका में कोरोना वायरस के मामलों और मौतों की संख्या दुनिया में सबसे अधिक है।
परिवहन सचिव ग्रांट शाप्स ने कहा कि यह ब्रिटिश लोगों के लिए अच्छी खबर है और ब्रिटिश व्यवसायों के लिए तो बहुत ही अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेशी यात्रा के लिए भी कई देशों को छूट देगी। इशका मतलब यूके पर्यटक एक बार फिर छुट्टी पर विदेश जा सकते हैं।
यूरोप में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले ब्रिटेन में दर्ज किए गए हैं। जहां वायरस के कुल 2 लाख 85 हजार से अधिक मामले हैं औऱ लगभग 44,000 लोगों की मौत हो चुकी है। मार्च में लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन से देश धीरे-धीरे उभर रहा है, शनिवार को इंग्लैंड में बार, रेस्तरां फिर से खोलने की अनुमति दी गई।यूरोपीय संघ ने कनाडा, जापान, दक्षिण कोरिया और मोरक्को सहित 14 देशों के लोगों के लिए इस सप्ताह अपनी सीमाओं को फिर से खोल दिया है।