Coronavirus Outbreak: यूरोप पर कोरोना की तगड़ी मार, ब्रिटेन बनने लगा महामारी का नया केंद्र
Coronavirus Outbreak यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का केंद्र बनते जा रहा है।
लंदन, एजेंसियां। यूरोप में इटली के बाद ब्रिटेन कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप का केंद्र बनते जा रहा है। शनिवार को ब्रिटेन में 708 लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच साल के बच्चा भी शामिल है। स्पेन में 809 लोगों की मौत हुई है, लेकिन मरने वालों की संख्या में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई है। वहीं, इटली में भी 681 लोगों की जान गई, पर वहां भी हालात में सुधार देखने को मिल रहे हैं, क्योंकि वहां पहली बार आइसीयू में मरीजों की संख्या में गिरावट देखी गई है।ब्रिटेन में लगातार मामले बढ़ रहे हैं। यहां मरने वालों की संख्या 4,313 हो गई है।
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की पत्नी भी संक्रमित
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के बाद उनकी गर्भवती मंगेतर कैरी साइमंड में भी कोरोना के लक्षण देखे गए हैं। हालांकि, साइमंड ने कहा है कि एक हफ्ते के आराम के बाद वह बेहतर महसूस कर रही हैं। ब्रिटेन के कैबिनेट ऑफिस मंत्री माइकल गोव ने प्रेस ब्रीफिंग में लोगों से एक बार फिर शारीरिक दूरी के लिए निर्धारित मानकों का पालन करने का आग्रह किया। संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार पहुंच गई है।
स्पेन में बढ़ा लॉकडाउन
स्पेन में मरने वालों की संख्या 11,744 हो गई है। संक्रमितों की संख्या भी एक दिन में 7,026 बढ़कर 1,24,736 हो गई है। अभी तक 34 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने 26 अप्रैल तक आपातकाल बढ़ाने की घोषणा की है। ग्रीस ने भी 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।
इटली में मौत का आंकड़ा बढ़ा
इटली में मरने वालों की तादाद 15,362 हो गई है। यह दुनिया में सबसे ज्यादा है, लेकिन मरीजों की संख्या में यहां गिरावट आ रही है। संक्रमितों की संख्या 1,24,632 हो गई है, जो स्पेन से नीचे आ गया है। पहली बार यहां इनसेंटिव केयर यूनिट यानी आइसीयू में मरीजों की संख्या कम होने लगी है। आइसीयू में 3,994 मरीज हैं। यह संख्या पिछले दिन 4068 की तुलना में कम हुई है। अभी तक आइसीयू में मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही थी। फ्रांस में 441 लोगों की मौत हुई और मृतकों की संख्या 7,560 हो गई है।
पूरी दुनिया में 60 हजार से ज्यादा मौतें
पूरी दुनिया में अभी तक 63,913 लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हो चुकी है। अकेले यूरोप में 44,132 लोगों की जान गई है। यूरोप के दो देश इटली और स्पेन सर्वाधिक प्रभावित हैं। अकेले 25 हजार से ज्यादा मौतें इन्हीं देशों में हुई हैं। संक्रमित लोगों का आंकड़ा 11,82,398 हो गया है। अकेले यूरोप में 6,10,846 लोग इस महामारी से बीमार हैं। एशिया की बात करें तो यहां अभी तक 1,15,730 संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 4,123 लोगों की मौत हुई है। दुनियाभर में 2,44,108 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।