ब्रिटेन में ब्रिटिश सिख चालक पर हमला, बस लूटकर कई गाड़ियों को मारी टक्कर; वीडियो वायरल
ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड्स में एक ब्रिटिश सिख बस चालक पर हमला कर उसकी बस लूट ली गई, जिसे गलत दिशा में चलाकर कई गाड़ियों में टक्कर मारी गई।

ब्रिटिश सिख चालक पर हमला (सोशल मीडिया)
HighLights
वेस्ट मिडलैंड्स में ब्रिटिश सिख चालक पर हमला।
हमलावर ने बस लूटी और गलत दिशा में चलाई।
कई गाड़ियों में टक्कर मारी, आरोपी हिरासत में।
डिजिटल डेस्क, लंदन। ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड्स इलाके में ब्रिटिश सिख चालक पर एक शख्स ने हमला बोलकर उसकी बस लूट ली और इसे गलत दिशा की ओर चलाते हुए कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। हालांकि, उसे बाद में हिरासत में ले लिया गया। हमले का एक वीडियो प्रसारित हो रहा, जिसमें चालक पर हमला होते और उसे बाहर फेंके जाते देखा जा सकता है।
डिटेक्टिव सार्जेंट टाइग लैनी ने कहा कि व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा, "जांच जारी है और हम उन लोगों से बात करना चाहते हैं, जिन्होंने घटना देखी हो या जिनके पास कोई फुटेज हो जिससे हमें मदद मिल सके।
खासकर, हम उन लोगों से अपील करते हैं, जिनके पास घटना के समय कोर्ट स्ट्रीट, पार्क वे या हाई स्ट्रीट इलाकों का डैशकैम, सीसीटीवी, मोबाइल फोन या डोरबेल फुटेज हो, वे कृपया रिकार्डिंग चेक करें और संपर्क करें। उन्होंने कहा, "एक अज्ञात व्यक्ति और चालक के बीच हुई झड़प के बाद बस को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की ओर गलत दिशा में चलाया गया।
इस दौरान कई गाड़ियों को टक्कर मारी गई। आखिरकार गाड़ी को रोका गया और अधिकारियों ने लूटपाट और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने के आरोप में एक युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ जारी रहने तक वह हिरासत में है।" बस चालक को मामूली चोटें आई थीं, जिनका इलाज किया गया। इस घटना में किसी और को चोट नहीं आई है।
