प्रिंस फिलिप ने सरेंडर किया ड्राइविंग लाइसेंस, पिछले महीने कर दिया था कार एक्सीडेंट
प्रिंस फिलीप ने गत माह में हुई कार दुर्घटना के बाद शनिवार को अपना ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर कर दिया है। इस कार दुर्घटना के बाद काफी विवाद हुआ था।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप ने स्वेच्छा से अपना ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर कर दिया है। पिछले माह एक अन्य कार से टक्कर के बाद उनकी लैंड रोवर पलट गई थी। इस हादसे में कार सवार दो महिलाएं घायल हो गई थीं, जबकि वह बाल-बाल बच गए थे।
97 वर्षीय प्रिंस खुद गाड़ी चला रहे थे। इस हादसे के बाद ब्रिटेन में बढ़ती उम्र में गाड़ी चलाने को लेकर बहस छिड़ गई थी। यह सवाल भी उठा था कि क्या इस उम्र में प्रिंस को खुद गाड़ी चलानी चाहिए?
बीबीसी के अनुसार, बकिंघम पैलेस ने बयान में कहा कि गंभीरता से विचार करने के बाद ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने स्वेच्छा से अपना ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर करने का फैसला किया। उन्होंने शनिवार को ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर कर दिया। नोरफ्लोक पुलिस ने भी बयान जारी कर ड्राइविंग लाइसेंस सरेंडर किए जाने की पुष्टि की है।
क्या है मामला
गत 17 जनवरी को नोरफ्लोक के सैंड्रिघम एस्टेट के नजदीक एक कार से टक्कर के बाद प्रिंस की लैंड रोवर पलट गई थी। इस हादसे के दो दिन बाद प्रिंस की नई लैंड रोवर के साथ एक तस्वीर सामने आई थी। इसमें वह बिना बेल्ट बांधे ड्राइविंग सीट पर नजर आए थे। ब्रिटेन में बिना सीट बेल्ट बांधे गाड़ी चलाना अवैध है।
ड्राइविंग के लिए तय नहीं उम्र सीमा
ब्रिटेन में गाड़ी चलाने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है। हालांकि, 70 साल का होने पर व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस रद हो जाता है। ऐसा व्यक्ति लाइसेंस नवीनीकृत नहीं कराने पर गाड़ी नहीं चला सकता।