विपक्ष से ज्यादा अपने बढ़ा रहे जानसन की मुश्किल, लेबर पार्टी के नए सांसदों के समर्थन की आस
लाकडाउन के दौरान आवास में नियमों का उल्लंघन कर हुईं दो पार्टियों को लेकर जानसन की मुश्किल विपक्ष से ज्यादा उनकी कंजरवेटिव पार्टी के नेताओं ने बढ़ा रखी है। ब्रेक्जिट मामलों के पूर्व मंत्री डेविड डेविस कंजरवेटिव पार्टी के भीतर विरोध की अगुआई कर रहे हैं।
लंदन, प्रेट्र। लाकडाउन के दौरान और प्रिंस फिलिप की अंत्येष्टि से पूर्व की रात सरकारी आवास में हुई पार्टी को लेकर विवाद में फंसे ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन (Borris Johnson) अब विपक्ष में से समर्थन तलाश रहे हैं। सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी में उठ रहे विरोध के सुरों को निष्प्रभावी करने के लिए जानसन के निशाने पर अब विपक्षी लेबर पार्टी के नए सांसद हैं जिन्हें अपने पक्ष में करके वह इस्तीफे की मांग को कमजोर करना चाह रहे हैं। इस बीच मामले को ठंडा करने के लिए उन्होंने पार्टीजनों से जांच रिपोर्ट का इंतजार करने को कहा है।
लाकडाउन के दौरान आवास में नियमों का उल्लंघन कर हुईं दो पार्टियों को लेकर जानसन की मुश्किल विपक्ष से ज्यादा उनकी कंजरवेटिव पार्टी के नेताओं ने बढ़ा रखी है। द डेलीग्राफ अखबार के मुताबिक यह पार्टी 17 अक्टूबर, 2021 को हुई थी जिसमें शामिल करीब 30 लोगों ने शराब पी थी और संगीत की धुन पर डांस किया था।ब्रेक्जिट मामलों के पूर्व मंत्री डेविड डेविस कंजरवेटिव पार्टी के भीतर विरोध की अगुआई कर रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से जानसन से इस्तीफा मांगा है। बुधवार को हाउस आफ कामंस में प्रश्नोत्तर काल में प्रधानमंत्री के बोलने से कुछ देर पहले सत्तारूढ़ दल के सांसद क्रिश्चियन वेकफोर्ड नाटकीय ढंग से उठकर विपक्ष की सीटों की ओर चले गए। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री और कंजरवेटिव पार्टी सरकार में रहने के लायक नहीं हैं। इसलिए वह विपक्ष के साथ बैठना पसंद करेंगे।
वेकफोर्ड विपक्षी लेबर पार्टी के प्रभाव वाले उत्तरी इंग्लैंड से जीतकर आए हैं। इस वाकये से उत्साहित लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने वेकफोर्ड का स्वागत करते हुए कहा, सत्ता पक्ष के जो भी सदस्य सरकार को लेकर बेचैनी महसूस कर रहे हों, सभी का लेबर पार्टी में स्वागत है। प्रधानमंत्री जानसन और उनकी पार्टी ने साबित कर दिया है कि वे सरकार चलाने के लायक नहीं है।