विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Alexei Navalny Death: बेटे की मौत पर क्या बोलीं नवलनी की मां? पूरा यूरोप हुआ आगबबूला, पुतिन को ठहराया जिम्मेदार

By Jagran News Edited By: Abhinav Atrey
Published: Fri, 16 Feb 2024 07:02 PM (IST)

रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी माने जाने वाले विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की शुक्रवार को जेल में मौत ...और पढ़ें

नवलनी की मौत पर पूरा यूरोप हुआ आगबबूला। (फोटो, जागरण)
नवलनी की मौत पर पूरा यूरोप हुआ आगबबूला। (फोटो, जागरण)

HighLights

  1. वह जीवित, स्वस्थ और खुश था- नवलनी की मां
  2. विरोध करने पर नवलनी को जान की कीमत चुकानी पड़ी
  3. यह भयानक खबर है- ऋषि सुनक
  4. लातविया ने पुतिन पर जोरदार हमला बोला

रॉयटर्स, लंदन। रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के कट्टर विरोधी माने जाने वाले विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी की शुक्रवार को जेल में मौत हो गई। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, जेल में एलेक्सी नवलनी को टहलने के बाद अस्वस्थ महसूस हुआ और वह तुरंत बेहोश हो गए।

रूसी जेल सेवा ने कहा है कि नवलनी के बेहोश होने के बाद मेडिकल स्टाफ पहुंचा, जिसने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। एलेक्सी नवलनी की मौत की खबर आने के बाद दुनियाभर के बड़े नेताओं ने राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन की तीखी आलोचना की है और इसके पीछे उन्हें जिम्मेदार ठहराया है।

विरोध करने पर नवलनी को जान की कीमत चुकानी पड़ी

फ्रांस के विदेश मंत्री स्टीफन सेजॉर्न ने एलेक्सी नवलनी की मौत पर कहा कि जेल में बंद रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को रूस की उत्पीड़न सिस्टम का विरोध करने के लिए अपने जीवन की कीमत चुकानी पड़ी है।

सेजॉर्न ने कहा, "जेल में नवलनी की मौत हमें व्लादिमीर पुतिन के शासन की वास्तविकता बताती है।"

यह भयानक खबर है- ऋषि सुनक

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने ट्वीट करके एक्स पर कहा, "यह भयानक खबर है। रूस के लोकतंत्र के सबसे प्रबल समर्थक के रूप में एलेक्सी नवलनी ने अपने पूरे जीवन में अविश्वसनीय साहस का प्रदर्शन किया। मेरी संवेदनाएं उनकी पत्नी और रूस के लोगों के साथ हैं। रूस के लिए यह खबर एक बड़ी त्रासदी है।"

वह जीवित, स्वस्थ और खुश था- नवलनी की मां

वहीं, नवलनी की मौत पर उनकी मां का भी बयान सामने आया है। उनकी मां ने कहा, "मैं कोई शोक संवेदना नहीं सुनना चाहती, हमने उसे 12 फरवरी को जेल में देखा था, वह जीवित, स्वस्थ और खुश था।"

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मौत के जिम्मेदार- मिखाइल

रूस के निर्वासित रूसी बिजनेसमैन मिखाइल खोदोरकोव्स्की ने नवलनी की मौत को लेकर सीधा राष्ट्रपति पुतिन को जिम्मेदार ठहराया है। मिखाइल ने कहा, "अगर जेल में बंद एलेक्सी नवलनी मर गए हैं, तो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसके जिम्मेदार हैं।"

लातविया ने पुतिन पर जोरदार हमला बोला

इसके अलावा जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने एलेक्सी नवलनी की मौत की खबर पर दुख जताया है। जबकि, लातविया के राष्ट्रपति एडगर्स रिंकेविक्स ने भी एक्स पर पुतिन पर जोरदार हमला बोला।

उन्होंने कहा, "एक राजनेता के रूप में एलेक्सी नवलनी के बारे में आपके जो भी विचार हों, क्रेमलिन ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी है। यह एक सच्चाई है और रूस के मौजूदा शासन की वास्तविकता के बारे में हर किसी को पता होना चाहिए। परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

ये भी पढ़ें: Alexei Navalny Dead: व्लादिमीर पुतिन के धुर-विरोधी एलेक्सी नवलनी की जेल में मौत, 19 साल की मिली थी कठोर सजा