विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिटेन के चिड़ियाघर में बाघ के बाड़े में घुस गया व्यक्ति, मौके पर ही मौत

Published: Mon, 12 Oct 2026 12:24 AM (GMT+05:30)

यूनाइटेड किंगडम के यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में एक व्यक्ति बाघ के बाड़े में कूद गया, जहां बाघ के हमले से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बाघ के बाड़े में घुसा व्यक्ति।

बाघ के बाड़े में घुसा व्यक्ति।

HighLights

  1. व्यक्ति यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में बाघ के बाड़े में कूदा।

  2. बाघ के हमले से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. पार्क ने कहा, बाघ अल्ताई को नहीं मारा जाएगा।

डिजिटल डेस्क, यॉर्कशायर। यूनाइटेड किंगडम (UK) के एक चिड़ियाघर में एक व्यक्ति बाघ के बाड़े में कूद गया और हमले में उसकी मौत हो गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर छा गए हैं। पार्क ने रविवार को कहा कि मामले में बाघ को नहीं मारा जाएगा।

यह घटना शनिवार को यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में हुई। साउथ यॉर्कशायर पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्हें दोपहर 1:35 बजे पार्क में एक व्यक्ति के बाघ के बाड़े में घुसने की सूचना मिली थी।

बचने कोशिश करता है व्यक्ति लेकिन...

सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में गहरे रंग की लंबी आस्तीन वाली शर्ट पहने एक व्यक्ति बाड़े की घास पर बैठा दिख रहा है। वह बाघ की ओर उंगली से इशारा कर रहा है, जबकि बाघ गुर्राते हुए उस पर झपट पड़ता है। वह व्यक्ति बचने की कोशिश करता है, लेकिन बाघ उसे कोई मौका नहीं देता और लगातार अपने पंजों से उस पर हमला करता रहता है। एक समय पर बाघ उस व्यक्ति के ऊपर चढ़ जाता है और उसके कंधे को काटने लगता है।

व्यक्ति की मौके पर ही मौत

पुलिस के बयान में कहा गया, "इसके बाद बाघ ने उस व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।" बयान में आगे कहा गया, "आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और दुख की बात है कि मेडिकल टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद, उस व्यक्ति को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।"

उस व्यक्ति की पहचान तुरंत सार्वजनिक नहीं की गई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद बाघ अपने बाड़े में ही रहा और आम जनता को इससे कोई बड़ा खतरा नहीं था। अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने के बाद पार्क को विजिटर्स के लिए बंद कर दिया गया। यह रविवार को भी बंद रहा।

बाघ को नहीं मारा जाएगा

इस घटना के बाद कुछ लोगों ने टाइगर को मारने (यूथेनेशिया) की मांग की, जबकि दूसरों ने इसके लिए उस आदमी को ही जिम्मेदार ठहराया। मेल ऑन संडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चश्मदीदों ने बताया कि बाड़े में घुसने से पहले वह आदमी अपने एयरपॉड्स पर डांस करते हुए खुद को तैयार कर रहा था।

द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क ने कहा कि लुप्तप्राय अमूर टाइगर, जिसका नाम अल्ताई है सुरक्षित और ठीक है और उसे मारा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: लग्जरी फ्लैट, सोने के दांत, विदेश यात्रा... UK के चोर ने 2.56 करोड़ की साइबर ठगी कर उड़ाए पैसे; एक गलती से पकड़ा गया