George Floyd Death: लंदन में हुए विरोध प्रदर्शन में अब तक करीब 23 पुलिस अधिकारी जख्मी
लंदन में नस्लवाद और पुलिस बर्बरता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहा है। पुलिस सुपरीटेंडेंट जो एडवर्ड्स ने बताया कि इस दौरान करीब 23 पुलिस अधिकारी जख्मी हुए हैं।
लंदन, एएनआइ। अमेरिकी पुलिस हिरासत में अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत को लेकर लंदन में पिछले कुछ दिनों में हुए विरोध प्रदर्शन में अब तक कम से कम 23 पुलिस अधिकारी जख्मी हुए हैं। ये लोग नस्लवाद और पुलिस बर्बरता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस सुपरीटेंडेंट जो एडवर्ड्स ने बताया कि इस दौरान करीब 23 पुलिस अधिकारी जख्मी हुए हैं।
शनिवार को सेंट्रल लंदन में हजारों लोगों ने मार्च किया। जबकि प्रशासन ने कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते लोगों को भीड़ में इकट्ठा होने के लिए मना किया है। एडवर्ड्स ने लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस की वेबसाइट पर कहा, "हम लोगों के जुनून को समझते हैं वो बाहर आएं और उनकी आवाज सुनी जाए। यहां प्रदर्शनकारियों ने बड़े पैमाने पर बिना किसी घटना के प्रदर्शन किया। लेकिन यहां एक छोटा समूह था जिसने पुलिस के साथ हिंसा की। पिछले कुछ दिनों में अपने काम के दौरान करीब 23 पुलिस कर्मचारियों को चोटें आई हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है।"
एडवर्ड्स ने बताया कि शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन में 10 पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं जबकि 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। बता दें कि जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद अमेरिका समेत कई देशों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इनमें ब्रिटेन, ग्रीस, इटली, डेनमार्क, जर्मनी, फ्रांस, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रलिया, कनाडा और अन्य देश शामिल हैं।
बता दें कि 25 मई को अमेरिका की मिनियापोलिस पुलिस की हिरासत में 46 साल के अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत हो गई थी। एक श्वेत अधिकारी ने गिरफ्तारी के दौरान उसकी गर्दन पर घुटना रख दिया था, इस दौरान फ्लॉयड ने कई बार निवेदन भी किया था कि वह सांस नहीं ले पा रहा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। जिसके बाद पूरे अमेरिका में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और करीब चार हजार लोगों की गिरफ्तारी हुई है और अरबों डॉलर की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।