पुतिन की हत्या की साजिश रचने के आरोपी शख्स की पत्नी की हत्या
कीव में पुतिन की हत्या के साजिश के आरोपी चेचेन्या निवासी शख्स की यूक्रेनियन पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
कीव (रायटर्स)। रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की हत्या के साजिश के आरोपी चेचेन्या निवासी शख्स की यूक्रेनियन पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। यह घटना सोमवार को कीव में घटी। इस हमले में उसका पति भी घायल हो गया। यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।
राजधानी के बाहरी इलाके में रेलवे क्रॉसिंग के पास एमिना ओकुयेवा और एडम ओसमायेव की कार पर झाड़ियों में से फायरिंग की गयी। गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटोन गेराशचेंको और ज़ोरियन शकिरयाक ने फेसबुक पर अपने पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। गेराशचेंको ने कहा, ‘हमले में गंभीर तौर पर घायल एमिना की मौत हो गयी और एडम जख्मी है। मेरी टेलीफोन पर उससे बात हुई है।‘
इस साल ओस्मायेव पर यह दूसरी बार हमले की घटना हुई है। जून में एक बंदूकधारी ने हमला किया था लेकिन वह बाल बाल बच गया था। हालांकि गेराशचेंको व शकीरयाक ने इस हमले के पीछे कारणों के बारे में नहीं बताया। पुलिस ने भी इस हमले पर किसी तरह का कमेंट देने से इंकार किया। रूसी अधिकारियों ने ओस्मायेव पर 2012 में सेंट्रल मॉस्को में बम के जरिए पुतिन की हत्या का साजिश करने वाले इस्लामिक विद्रोहियों से मिले होने का आरोप लगाया। यूक्रेन में ओसमायेव और ओकुयेवा प्रसिद्ध हैं, इन्होंने पूर्व यूक्रेन में समर्थक रूसी विद्रोहियों के साथ संघर्ष में यूक्रेनी सेना के लिए स्वयंसेवकों के रूप में सेवा की थी।
1991 में सोवियत संघ के पतन के बाद से मास्को ने मुख्य रूप से मुस्लिम चेचन्या क्षेत्र में अलगाववादियों के साथ दो युद्ध लड़े हैं। अब क्षेत्र के अधिकतर हिस्से पर मॉस्को का नियंत्रण है लेकिन यह जाना जाता है कि पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष में चेचेन्या रूसी समर्थक विद्रोहियों और यूक्रेनी सेना दोनों के लिए लड़ाई में शामिल है।
यह भी पढ़ें: रूस की आक्रामकता के खिलाफ नाटो का यूक्रेन को समर्थन