चेचन्या के नेता कादिरोव और पांच रूसियों पर प्रतिबंध
कादिरोव को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का खास माना जाता है। उनके अतिरिक्त जिन पांच लोगों पर प्रतिबंध लगा है वे सभी रूसी नागरिक हैं।
वाशिंगटन, रायटर : अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने चेचन्या के राष्ट्रपति रमजान कादिरोव समेत छह लोगों पर प्रतिबंध लगाकर उनकी गतिविधियां स्वीकार न करने की घोषणा की है। कादिरोव पर विरोधियों को गायब कराने और उनकी गैरकानूनी ढंग से हत्या कराने आरोप है।
कादिरोव को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का खास माना जाता है। उनके अतिरिक्त जिन पांच लोगों पर प्रतिबंध लगा है वे सभी रूसी नागरिक हैं। प्रतिक्रिया में कादिरोव ने प्रतिबंध का मखौल उड़ाते हुए कहा, रात में बेचैन करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन वह अमेरिका कभी नहीं जाने वाले। अमेरिका की मदद के बगैर उन्होंने मुकाम हासिल किया है। पूरा जीवन आतंकियों से लड़ते और उन्हें खत्म करते गुजरा है। इनमें अमेरिका के समर्थित आतंकी भी शामिल हैं। कादिरोव ने यह बात इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में लिखी है।
अमेरिकी प्रतिबंध के अनुसार सूचीबद्ध लोगों को कभी भी अमेरिका में यात्रा का वीजा नहीं मिलेगा। वे अमेरिका के साथ किसी तरह का लेन-देन नहीं कर सकते। सूचीबद्ध लोगों की संपत्ति अमेरिका जब्त कर सकता है।