विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन ने रूस पर एक हजार से ज्यादा ड्रोन दागे, सेंट पीटर्सबर्ग के तेल ठिकानों में भीषण आग

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:21 PM (IST)

यूक्रेन ने रूस पर एक हजार से अधिक ड्रोन से हमला किया, जिसमें सेंट पीटर्सबर्ग के तेल निर्यात ठिकानों को निशाना बनाया गया और नुकसान हुआ।

यूक्रेन का रूस पर एक हजार ड्रोन से हमला (फोटो-सोशल मीडिया)

यूक्रेन का रूस पर एक हजार ड्रोन से हमला (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मास्को। यूक्रेन ने रविवार को रूस पर बड़े हवाई हमले में कुछ घंटों के भीतर एक हजार से ज्यादा ड्रोन छोड़े। इस हमले में रूस के दूसरे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग के तेल निर्यात ठिकानों को निशाना बनाया गया।

हमले से सेंट पीटर्सबर्ग के आयल टर्मिनल और शहर के मध्य स्थित रुचि आयल डिपो को भारी नुकसान हुआ है और उनमें आग लग गई है। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन ने रूसी तेल ठिकानों को तब निशाना बनाया है जब इन हमलों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप नाराजगी जता चुके हैं।

यूक्रेन के हमले में ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनी ओजोन का ठिकाना और तकनीक कंपनी वीके का डाटा सेंटर भी निशाना बने हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूस के 15 से ज्यादा क्षेत्रों में हमले के लिए आए 1,015 यूक्रेनी ड्रोन आकाश में ही नष्ट किए गए।

कुछ क्षेत्रों में उनका मलबा गिरने से भी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के हमले से क्रीमिया और काला सागर क्षेत्र में भी नुकसान हुआ है। जबकि रूस के यूक्रेन के जपोरीजिया शहर पर हमले में एक महिला की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को एक्स पर किए पोस्ट में कहा, 11 अक्टूबर को राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा संयंत्रों पर हमले न करने की व्यवस्था का एलान किया था। लेकिन इसके बाद रूस ने यूक्रेन के बिजली, तेल और गैस ठिकानों पर 76 हमले किए।

शनिवार-रविवार रात भी चार क्षेत्रों में स्थित ऊर्जा संयंत्रों पर रूसी हमले हुए हैं जिससे दसियों हजार लोग बिजली से वंचित हो गए हैं। इन रूसी हमलों के जवाब में यूक्रेन रूसी ठिकानों पर हमले कर रहा है। ट्रंप की घोषणा को पहले रूस ने तोड़ा, उसके बाद यूक्रेन ने हमले किए। जेलेंस्की ने कहा है कि युद्ध रूस के हमलों के चलते जारी है, न कि यूक्रेन के बचाव की कार्रवाई के चलते।

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)