विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन के हमले में क्रीमिया में चार मरे, ईंधन की बिक्री रुकी

Published: Mon, 22 Jun 2026 06:02 AM (IST)

यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस और क्रीमिया में चार लोग मारे गए और 28 घायल हुए हैं। हमलों के ...और पढ़ें

यूक्रेन के हमले में क्रीमिया में चार मरे(फोटो: रॉयटर्स)

यूक्रेन के हमले में क्रीमिया में चार मरे(फोटो: रॉयटर्स)

HighLights

  1. क्रीमिया पर यूक्रेन के ड्रोन हमलों में चार की मौत।

  2. हमलों के बाद क्रीमिया में ईंधन की बिक्री रोकी गई।

  3. रूस-क्रीमिया मार्ग पर नौ घंटे यातायात रुका।

डिजिटल डेस्क, मास्को। यूक्रेन के रविवार को रूस और उसके नियंत्रण वाले क्रीमिया पर ड्रोन हमलों में चार लोग मारे गए और 28 घायल हुए हैं। यूक्रेन ने शनिवार-रविवार रात रूस के नियंत्रण वाले क्रीमिया प्रायद्वीप के तेल और गैस ठिकानों पर बड़ा हमला किया, जिसके चलते वहां पर जनसामान्य, कारोबारों और कारखानों को ईंधन की बिक्री रोक दी गई है।

वहां पर केवल जरूरी सेवाओं और सुरक्षा बलों को ही तेल और गैस की आपूर्ति हो रही है। रूस क्रैस्नोडर क्षेत्र में भी यूक्रेन ने ड्रोन हमले से तेल आपूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। वहां पर यूक्रेनी हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। यूक्रेन ने हाल के दिनों में रूस के कब्जे वाले क्रीमिया पर लगातार हमले किए हैं।

यहां रूसी नौसेना की ब्लैक सी फ्लीट, तेल-गैस के ठिकानों, ईंधन आपूर्ति व्यवस्था और बिजलीघरों को निशाना बनाया गया है। क्रीमिया और क्रैस्नोडर पर ताजा हमलों के बाद दोनों के बीच के मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। दोनों भूभागों को कर्च स्ट्रेट अलग करता है।

हमले के चलते रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले ब्रिज पर नौ घंटे सड़क और रेल यातायात रुका रहा। क्रीमिया पूर्व में यूक्रेन का ही हिस्सा था। 2014 में उस पर रूस ने कब्जा कर लिया था। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देशवासियों को रूस के बड़े हमले से आगाह किया है। कहा है कि यूक्रेनी हमलों से बौखलाया रूस जल्द ही बड़ा हमला कर सकता है। इन हमलों से बचने के लिए यूक्रेन के लोग विशेष सतर्कता बरतें।