रूस के बड़े पेट्रोकेमिकल कारखाने पर यूक्रेन का हमला, मॉस्को ने एक रात में 1297 ड्रोन मार गिराने का किया दावा
यूक्रेन ने रूस के बड़े पेट्रोकेमिकल और प्रोटोन इलेक्ट्रॉनिक्स कारखाने पर ड्रोन हमला किया। रूस ने दावा किया कि उसने एक रात में 1297 ड्रोन और कई मिसाइलें नष्ट कीं।

रूस के बड़े पेट्रोकेमिकल कारखाने पर यूक्रेन का हमला(प्रतीकात्मक तस्वीर: रॉयटर्स)
HighLights
यूक्रेन ने तोग्लिएट्टी के पेट्रोकेमिकल कारखाने पर ड्रोन हमला किया।
ओर्योल में प्रोटोन इलेक्ट्रॉनिक्स कारखाने को भी निशाना बनाया गया।
रूस ने एक रात में 1297 ड्रोन नष्ट करने का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। यूक्रेन ने शुक्रवार-शनिवार रात रूस के तोग्लिएट्टी शहर पर बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले शहर में स्थित कई कारखानों को भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने कहा है कि उसने रूस के बड़े पेट्रोकेमिकल कारखाने को निशाना बनाया है।
इस बीच यूक्रेन ने कहा है कि हफ्ते भर बाधित रहने के बाद देश में स्टारलिंक की इंटरनेट सेवाएं अब सुचारु हो गई हैं। इनसे रूसी हवाई हमलों को रोकने और हमले करने में मदद मिल रही है।
तोग्लिएट्टी के मेयर इल्या सुखिख ने कहा है कि यूक्रेनी हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया है कि हमले में किन कारखानों को निशाना बनाया गया। जबकि यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने बताया है कि हमले में रूस के सबसे बड़े पेट्रोकेमिकल कारखानों में से एक को निशाना बनाया गया।
यह कारखाना बड़ी मात्रा में सिंथेटिक रबर का उत्पादन करता है। साथ ही रूस के ओर्योल क्षेत्र में स्थित प्रोटोन इलेक्ट्रॉनिक्स कारखाने को भी निशाना बनाया गया। इस कारखाने में क्रूज और बैलेस्टिक मिसाइलों के हिस्से बनाए जाते हैं।
क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई क्लिचकोव ने बताया है कि यूक्रेन के मिसाइल हमले में तीन लोग मारे गए और एक कारखाने को नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने येयास्क हवाई पट्टी पर खड़े विमान को निशाना बनाने का भी दावा किया है।
इन हमलों के बाद शनिवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन के ताजा हमले के दौरान उसके 1297 ड्रोन आकाश में नष्ट किए गए। इसके अतिरिक्त फ्रांस निर्मित एक स्काल्प मिसाइल और यूक्रेन की चार नेपच्यून मिसाइलें भी एयर डिफेंस सिस्टम ने आकाश में नष्ट कीं।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
