यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए हो सकती है त्रिपक्षीय वार्ता, विटकॉफ ने पुतिन से की मुलाकात
अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता का अनुरोध किया है।

विटकॉफ ने पुतिन से मुलाकात की। (रॉयटर्स)
HighLights
विटकॉफ ने यूक्रेन युद्ध समाप्ति हेतु त्रिपक्षीय वार्ता का अनुरोध किया।
पुतिन ने ईरान मसले पर ट्रंप की मदद का प्रस्ताव रखा।
पूर्वी यूक्रेन, नाटो सदस्यता पर पुतिन ने नरमी के संकेत दिए।
डिजिटल डेस्क, सेंट पीटर्सबर्ग। अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलकर यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के लिए त्रिपक्षीय वार्ता का अनुरोध किया है। इस वार्ता में रूस, यूक्रेन के साथ मध्यस्थ की भूमिका में अमेरिकी वार्ताकार शामिल होंगे।
विटकॉफ ने इस वार्ता को सफल बनाने के लिए कुछ नए प्रस्ताव भी रखे हैं। पुतिन से विटकॉफ की मुलाकात से पहले रूस ने सद्भावना दिखाते हुए धन लेकर यूक्रेन की ओर से लड़ रहे अमेरिकी रिटायर्ड स्कूल टीचर स्टीफन हबार्ड को रिहा कर दिया। क्रेमलिन ने बताया है कि 2022 में पकड़े गए हबार्ड को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के अनुरोध पर रिहा किया गया।
सेंट पीटर्सबर्ग के ग्रांड इंपीरियल पैलेस में पुतिन से विटकॉफ की बुधवार को हुई यह नौवीं मुलाकात थी जिनमें यूक्रेन युद्ध खत्म करने के संबंध में आमने-सामने बैठकर वार्ता हुई। इससे पहले कई बार राजधानी मॉस्को में उनकी वार्ता हुई है।
पुतिन ने ईरान मसले पर ट्रंप की मदद करने का प्रस्ताव रखा
वार्ता में पुतिन ने ईरान मसले पर राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की मदद करने का प्रस्ताव रखा। कहा कि रूस के ईरान के साथ दशकों पुराने अच्छे संबंध हैं, इस आधार पर वह अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कर सकते हैं। पुतिन ने अमेरिकी किसानों की मदद के लिए बड़ी मात्रा में उवर्रक के निर्यात का भी प्रस्ताव रखा।
पुतिन और ट्रंप के बीच डीजल समझौता
पुतिन और ट्रंप के बीच अमेरिका को डीजल आपूर्ति करने पर पहले ही सहमति बन चुकी है। पुतिन ने कहा कि वह अमेरिका के साथ सहयोग पर राष्ट्रपति ट्रंप के साथ समग्र वार्ता करना चाहते हैं, यह वार्ता दोनों देशों के लिए लाभकारी होगी। यह वार्ता अगले महीने चीन में हो सकती है जिसमें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी शामिल हो सकते हैं।
बुधवार को पुतिन और विटकॉफ के बीच यह वार्ता तब हुई है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की मीडिया को हाल ही में दिए इंटरव्यू में कह चुके हैं कि ट्रंप उन पर रूस के आगे समर्पण करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। लेकिन सेंट पीटर्सबर्ग में हुई ताजा वार्ता के समर्थन का जेलेंस्की ने एलान किया है।
वार्ता के बाद विटकॉफ ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध समाप्ति पर त्रिपक्षीय वार्ता के संबंध में उनकी राष्ट्रपति पुतिन से अच्छी बातचीत हुई है। पूर्व में ओस्लो में ऐसी ही त्रिपक्षीय वार्ता हुई थी लेकिन फरवरी में ईरान पर अमेरिका का हमला होने के बाद दोबारा वार्ता नहीं हुई।
पता चला है कि ताजा बातचीत में पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन पर कब्जे और यूक्रेन को नाटो की सदस्यता के मसले पर कुछ नरमी के संकेत दिए हैं। पुतिन और विटकॉफ की वार्ता में रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रएव भी मौजूद थे।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
