विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूस में संसदीय चुनाव के लिए तीन दिवसीय मतदान शुरू, कोई विपक्ष सामने नहीं; क्रेमलिन का दबदबा बरकरार

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:45 AM (IST)

अधिकारियों ने मतदान में 11.1 करोड़ पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से वोटिंग को तीन दिन आयोजित किया है। इलेक्ट्रॉनिक मतदान की अनुमति भी दी गई है।

रूस में संसदीय चुनाव के लिए तीन दिवसीय मतदान शुरू (फोटो- रॉयटर)

रूस में संसदीय चुनाव के लिए तीन दिवसीय मतदान शुरू (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. विपक्ष के बिना हो रहे चुनाव में क्रेमलिन का दबदबा बरकरार रहना तय

  2. मतदान शुक्रवार को शुरू हुआ और रविवार को समाप्त होगा

एपी, मॉस्को। रूस में संसदीय चुनाव के लिए शुक्रवार को तीन दिवसीय मतदान शुरू हुआ। युद्धकाल के दौरान यह पहला चुनाव है। इस चुनाव में लगभग कोई विपक्ष नहीं है और इतना तय है कि रूसी राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन की सत्ता पर पकड़ मजबूत बनी रहेगी।

अधिकारियों ने मतदान में 11.1 करोड़ पात्र मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से वोटिंग को तीन दिन आयोजित किया है। इलेक्ट्रॉनिक मतदान की अनुमति भी दी गई है।

मतदान शुक्रवार को शुरू हुआ और रविवार को समाप्त होगा। क्रेमलिन चाहता है कि संसदीय चुनावों के माध्यम से जनता युद्ध के प्रति समर्थन जाहिर करे और उसकी कार्रवाई को जायज ठहराए।

2022 में यूक्रेन पर हमला शुरू करने के बाद यह पहला चुनाव है। चुनाव में किसी भी राजनीतिक जोखिम से बचने के लिए असहमति के मामूली खतरे तक को समाप्त कर दिया गया है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मतदान से पहले देश से कहा, "आपकी पसंद और संकल्प एक बार फिर साबित कर देगा कि लाखों लोग हमारे योद्धाओं के साथ खड़े हैं। हम एकजुट लोग हैं, जो साझा मूल्यों, ऐतिहासिक स्मृति और मातृभूमि के प्रति प्रेम से जुड़े हैं।"

यह तय माना जा रहा है कि क्रेमलिन की मुख्य पार्टी यूनाइटेड रूस का निचले सदन स्टेट ड्यूमा पर व्यापक नियंत्रण बना रहेगा। 450 सदस्यीय ड्यूमा के लिए चुनाव हो रहे हैं।