विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तनाव बढ़ने से यूक्रेन युद्ध खत्म होने वाली सोच गलत, रूस ने ट्रंप और रूबियो के बयानों पर दी प्रतिक्रिया

Published: Fri, 10 Jul 2026 02:00 AM (IST)

रूस ने कहा है कि अमेरिका की यह सोच गलत है कि यूक्रेन के रूस पर हमलों और उनसे हुए नुकसान से युद्ध को रोकने में मदद मिलेगी।

तनाव बढ़ने से यूक्रेन युद्ध खत्म होने वाली सोच गलत- रूस (फोटो- रॉयटर)

तनाव बढ़ने से यूक्रेन युद्ध खत्म होने वाली सोच गलत- रूस (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. रूस ने ट्रंप और रूबियो के बयानों पर दी प्रतिक्रिया 

  2. हाल के दिनों में यूक्रेन ने रूस पर किए हैं बड़े हमले

रॉयटर, मॉस्को। रूस ने कहा है कि अमेरिका की यह सोच गलत है कि यूक्रेन के रूस पर हमलों और उनसे हुए नुकसान से युद्ध को रोकने में मदद मिलेगी।

रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने यह बात अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के उस बयान पर कही है जिसमें उन्होंने यूक्रेनी हमलों के चलते रूस को अब अपने आकाश की सुरक्षा मुश्किल हो रही है। ऐसे में उम्मीद है कि रूस जल्द वार्ता के जरिये युद्ध खत्म करने की कोशिश करेगा।

रूबियो ने यह बात अंकारा में नाटो समिट के दौरान कही थी। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि यूक्रेन के हमलों ने तनाव बढ़ाया है लेकिन इससे युद्ध को खत्म कराने में मदद मिलेगी।

ट्रंप और रूबियों के बयानों के बाद क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, अमेरिकी नेता गलतफहमी के शिकार हैं। उन्हें लग रहा है कि तनाव बढ़ने और यूक्रेनी सेना का दबाव युद्ध खत्म कराने के लिए सहायक साबित होगा। रूस किसी भी शर्त पर बात करने के लिए तैयार हो जाएगा लेकिन यह सोच गलत है।

विदित हो कि हाल के महीनों में यूक्रेन ने रूस की आयल रिफायनरियों और बंदरगाहों पर लगातार हमले कर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है। ताजा हमला 2,700 किलोमीटर भीतर जाकर साइबेरिया में बनी रूस की सबसे बड़ी रिफायनरी पर ड्रोन से हुआ है। इसी से रूस और यूक्रेन में तनाव और बढ़ गया है।

यूक्रेन ने बोला, रूस के एक दर्जन टैंकरों को बनाया निशाना

यूक्रेन ने दावा किया है कि उसकी सेनाओं ने अजोव सागर में रूस के करीब एक दर्जन आयल टैंकरों को निशाना बनाकर रूसी सेना और क्रीमिया को होने वाली तेल आपूर्ति बाधित कर दी है।

यूक्रेन ने रूस के एक मालवाही जहाज को भी निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार उसकी सेनाओं ने बीते चार दिनों में अजोव सागर और काला सागर में रूस के विभिन्न तरह के 36 जहाजों पर हमला कर उन्हें भारी नुकसान पहुंचाया है।

इनमें से 32 जहाज रूस की शैडो फ्लीट के थे। इस फ्लीट के टैंकर और जहाज छद्म कंपनियों के नाम से रूसी तेल और अन्य माल अन्य देशों को ले जाते थे।