'दुनिया खतरनाक दौर से गुजर रही है', पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेताया, पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना की
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगाह किया है कि विश्व खतरनाक दौर से गुजर रहा है। ऐसे में पश्चिमी देश ऐसी कोई हरकत न करें जिससे तनाव और बढ़े।

विश्व खतरनाक दौर में, तनाव न बढ़ाए पश्चिम : पुतिन (फोटो- रॉयटर)
HighLights
पुतिन नाटो को परमाणु हथियार के इस्तेमाल की चेतावनी दे चुके हैं
पुतिन बोले प्रधानमंत्री मोदी निष्पक्ष रुख अपनाते हैं
रॉयटर, मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आगाह किया है कि विश्व खतरनाक दौर से गुजर रहा है। ऐसे में पश्चिमी देश ऐसी कोई हरकत न करें जिससे तनाव और बढ़े।
उन्होंने साफ किया कि अगर कालिनिनग्राद पर हमला करने का दुस्साहस किया जाता है तो रूस जवाब में हर तरह के हथियार का इस्तेमाल करेगा।
पुतिन बुधवार को ही कालिनिनग्राद के मसले पर सैन्य संगठन नाटो को परमाणु हथियार के इस्तेमाल की चेतावनी दे चुके हैं।
पुतिन ने वाल्दाई फोरम के मंच से कहा, पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के चलते रूस अब अपना डीजल विश्व बाजार में नहीं भेजेगा।
अगर विश्व को रूसी डीजल की जरूरत है तो उसे रूसी व्यापार से प्रतिबंध हटाने होंगे। एक प्रश्न के उत्तर में पुतिन ने कहा कि वह चीन और अमेरिका के समकक्षों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता के लिए तैयार हैं लेकिन इसके लिए पहले चर्चा के बिंदु तय होने चाहिए।
पीएम मोदी की तारीफ की
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कहा हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विश्व नेताओं में से एक हैं जो हमारे बहुत अच्छे और दोस्ताना संबंधों, और व्यक्तिगत अच्छे रिश्तों के बावजूद, लगातार यूक्रेन में संघर्ष को खत्म करने का मुद्दा उठाते हैं और इस बारे में सवाल पूछते हैं। उन्हें ऐसे समाधान खोजने में गहरी दिलचस्पी है जो दोनों पक्षों को स्वीकार्य हों।
आगे कहा कि इस लिहाज से, स्वाभाविक रूप से, प्रधानमंत्री निष्पक्ष रुख अपनाते हैं, लेकिन साथ ही संघर्ष को खत्म करने में भी उनकी दिलचस्पी है।
मुझे लगता है कि यह बात सीधे तौर पर कहना मेरा कर्तव्य है। और हम प्रधानमंत्री के विचारों के लिए उनके आभारी हैं, हम शांतिपूर्ण तरीकों से और जल्द से जल्द इस संघर्ष को खत्म करने की उनकी इच्छा के लिए उनके आभारी हैं
