आर्कटिक में बसने वालों को रूस ने दिया आकर्षक ऑफर, वहां जाने वालों को मिलेगी मोटी रकम
रूस ने अपने नियंत्रण वाले आर्कटिक क्षेत्र के लिए 15 वर्षीय नीति जारी की है। इसके तहत ऊर्जा संपन्न इस बर्फीले क्षेत्र में बसने के लिए लोगों को आकर्षित किया जाएगा।
मॉस्को, एएफपी। रूस ने अपने नियंत्रण वाले आर्कटिक क्षेत्र के लिए 15 वर्षीय नीति जारी की है। इसके तहत ऊर्जा संपन्न इस बर्फीले क्षेत्र में बसने के लिए लोगों को आकर्षित किया जाएगा। इच्छुक लोगों को मोटी रकम देने का वादा भी किया गया है। नीति में पर्यावरण के लिहाज से संवेदनशील इस क्षेत्र में ढांचागत विकास की भी बात की गई है।
पुतिन ने दस्तावेज पर किए हस्ताक्षर
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 'फाउंडेशन ऑफ स्टेट पॉलिसी इन आर्कटिक टू 2035' नामक दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। गुरुवार को जारी इस दस्तावेज के अनुसार, रूस का मकसद बेहतर मूलभूत सुविधाओं और प्रौद्योगिकी की मदद से आर्कटिक क्षेत्र में स्थानीय आबादी की जीवन गुणवत्ता और आर्थिक विकास को सुधारने का है। आर्थिक उपायों के तहत आर्कटिक में ऊर्जा परियोजनाओं में निजी निवेश को बढ़ावा देने के साथ ही इस बेहद ठंडे क्षेत्र में बसने के इच्छुक रूसी नागरिकों को भुगतान जैसे कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा रूस विदेशी बाजारों तक तेल और गैस का निर्यात करने के लिए अपने इस दूरस्थ क्षेत्र में नई ऊर्जा परियोजनाओं को विकसित करेगा। इससे हजारों रोजगार सृजित होंगे।
आबादी में आ रही गिरावट
रूस का आर्कटिक क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा है। वहां बेरोजगारी और गरीबी बहुत ज्यादा है। नतीजन पिछले दो दशकों में क्षेत्र की आबादी में गिरावट दर्ज की गई है। इस क्षेत्र में करीब 20 लाख लोग रहते हैं।