ब्रिटेन में जहर मामले पर रूस से निकाले गए चार फ्रेंच राजनयिक
ब्रिटेन में पूर्व जासूस को जहर देने के मामले में फ्रांस द्वारा अपने राजनयिकों को निकालने के जवाब में रूस ने फ्रांस के 4 राजनयिकों को निकाल दिया है।
पेरिस (रायटर्स)। रूस में फ्रेंच दूतावास के चार सदस्यों को निकाल दिया गया। शुक्रवार को यह जानकारी फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय ने दी। इससे पहले ब्रिटेन के साथ एकजुटता को दिखाते हुए फ्रांस ने भी चार रूसी राजनयिकों को निकाल दिया था। उल्लेखनीय है कि रूसी विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन में पूर्व रूसी जासूस और उनकी बेटी को जहर दिए जाने के मामले पर 23 देशों के 59 राजनयिकों को निकाला था जिनमें से 58 मास्को में अमेरिकी मिशन से जुड़े थे।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा, हमें इसपर दुख है। रूस ने यह कार्रवाई ब्रिटेन में पूर्व जासूस के जहर दिए जाने की घटना के बाद उसके राजनयिकों को निष्कासित किए जाने को लेकर बदले की प्रतिक्रिया में की है। मंत्रालय ने आगे कहा, इंग्लैंड के सैलिस्बरी में रूस के पूर्व जासूस सर्गेइ स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया को जहर देने के मामले में रूस ने अबतक अपेक्षित स्पष्टीकरण देने से इनकार किया है।
अब तक 29 देशों ने ब्रिटेन के साथ एकजुटता दिखाते हुए 145 रूसी अधिकारियों को निष्कासित किया है। नाटो ने भी बेल्जियम में अपने मिशन से 10 रूसियों को बाहर करने का आदेश दिया है।