उत्तर कोरिया पर यूएन के प्रतिबंधों की रिपोर्ट के प्रकाशन पर रूस ने लगाई रोक
यूएन की रिपोर्ट में रूस को मुख्यतौर पर उस बात पर आपत्ति है, जिसमें कहा गया है कि उत्तर कोरिया ने 2017 प्रतिबंधों के अनुसार अपनी निर्धारित आयात तेल मात्रा को 2018 में पार कर दिया है।
संयुक्त राष्ट्र, एएफपी। रूस ने उत्तरी कोरिया के खिलाफ प्रतिबंधों के कार्यान्वयन पर संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के प्रकाशन पर रोक लगा दी है, क्योंकि वो कुछ निष्कर्षों से असहमत है। रूस के राजदूत ने इस बात की जानकारी दी है। रिपोर्ट के औपचारिक प्रकाशन से पहले इसे कई मीडिया संगठनों द्वारा देखा गया था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 15 सदस्यीय बैठक में गुरुवार को भाग लेने के बाद वासिली नेबेंजिया ने संवाददाताओं से कहा, 'रिपोर्ट के जारी होने पर अभी रोक लगा दी गई है, क्योंकि हम रिपोर्ट के कुछ तत्वों और व्यापार के आचरण पर असहमत हैं।' एक राजनयिक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यूएन की रिपोर्ट में रूस को मुख्यतौर पर उस बात पर आपत्ति है, जिसमें कहा गया है कि उत्तर कोरिया ने 2017 प्रतिबंधों के अनुसार अपनी निर्धारित आयात तेल मात्रा को 2018 में पार कर दिया है।
यूएन की 62 पेज की रिपोर्ट में कोयले, लोहे, समुद्री भोजन और अन्य उत्पादों के उत्तरी कोरियाई निर्यात पर प्रतिबंध के उल्लंघन की भी बात कही है जो उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग-उन की सरकार के लिए लाखों डॉलर का राजस्व जुटा रहा है।