रूस ने फेसबुक से पूछा, क्यों प्रतिबंधित हैं कुछ रूसी मीडिया संस्थानों के अकाउंट्स
रूस के संचार निगरानी अधिकारी ने शुक्रवार को कहा था कि उन्होंने फेसबुक से पूछा है कि क्यों कुछ रूसी मीडिया संगठनों के फेसबुक अकाउंट्स प्रतिबंधित है?
मॉस्को, रायटर। रूस के कुछ मीडिया संस्थानों के फेसबुक अकाउंट प्रतिबंधित किए गए हैं। इस पर रूस के संचार अधिकारी ने फेसबुक से जवाब मांगा है। हाल ही में फेसबुक पर लाखों अकाउंट्स का डाटा गलत हाथों में देने का आरोप लगा था।
रूस के संचार निगरानी अधिकारी ने शुक्रवार को कहा था कि उन्होंने फेसबुक से पूछा है कि क्यों कुछ रूसी मीडिया संगठनों के फेसबुक अकाउंट्स प्रतिबंधित है? आरआइए समाचार एजेंसी ने बताया निगरानी अधिकारी ने कहा कि यह प्रतिबंध रूसी उपयोगकर्ताओं के लिए फेसबुक की 'अमित्रतापूर्ण नीति' की निरंतरता माना गया है। हालांकि रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि कौन-सी साइट्स प्रतिबंधित हैं।
फेसबुक ने माना कैंब्रिज एनालिटिका से डाटा किया साझा
फेसबुक ने मान लिया है कि कैंब्रिज एनालिटिका (सीए) से डाटा साझा करने में करीब 5.62 लाख भारतीयों का डाटा शामिल होने की आशंका है। सोशल मीडिया की इस दिग्गज कंपनी ने माना कि उसने 8.70 करोड़ लोगों का डाटा सीए के साथ साझा किया था। फेसबुक ने गुरुवार को स्वीकार किया कि 8.70 करोड़ लोगों में से करीब 7.80 करोड़ यूजर्स अमेरिका के हैं। इंडोनेशिया और ब्रिटेन के भी करीब 10-10 लाख लोगों की जानकारी फेसबुक ने सीए को दी थी। सरकार के नोटिस के जवाब में फेसबुक ने कहा है कि केवल 335 भारतीय ही सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं क्योंकि उन्होंने ग्लोबल साइंस रिसर्च लिमिटेड द्वारा विकसित माइडिजिटललाइफ नामक एप को डाउनलोड किया था। इसके जरिये सीए ने डाटा हासिल किया था। भारत में फेसबुक के करीब 20 करोड़ यूजर्स हैं।1इलेक्ट्रॉनिक व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रलय के अधिकारियों ने फेसबुक का जवाब मिलने की पुष्टि की है। मंत्रलय के एक अधिकारी ने बताया कि सरकार ने सीए से छह सवालों के जवाब मांगे हैं, जिससे यह पता चलेगा कि उसने भारतीयों के डाटा का किस प्रकार इस्तेमाल किया।